दिव्यांगजन जांच शिविर में 41 लाभुकों को मिलेगा दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, सभी मामलों का शत-प्रतिशत निष्पादन।
सदर अस्पताल में आयोजित विशेष जांच शिविर में 41 दिव्यांगजनों की हुई स्वास्थ्य जांच, एक भी आवेदन लंबित नहीं।

साहिबगंज। जिला प्रशासन, साहिबगंज के निर्देशानुसार दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा उन्हें दिव्यांगता प्रमाण-पत्र निर्गत करने के उद्देश्य से सदर अस्पताल, साहिबगंज में विशेष दिव्यांगजन जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न श्रेणियों के कुल 41 दिव्यांगजनों की जांच की गई। जांच के बाद सभी पात्र लाभुकों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई।
शिविर में अस्थि दिव्यांगता (ऑर्थोपेडिक) श्रेणी के 31, दृष्टिबाधित (ब्लाइंडनेस) के 5, बौद्धिक दिव्यांगता (इंटेलेक्चुअल डिसेबिलिटी) के 4 तथा ईएनटी श्रेणी के 1 लाभुक की जांच की गई। इस प्रकार शिविर में प्राप्त सभी 41 मामलों का शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित किया गया। विशेष बात यह रही कि जांच शिविर के बाद एक भी मामला लंबित नहीं रहा।

जिला प्रशासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवश्यक प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराकर उन्हें सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, दिव्यांग पेंशन एवं अन्य सुविधाओं से जोड़ना है, ताकि वे अपने अधिकारों का लाभ प्राप्त कर सकें।
जिला प्रशासन, साहिबगंज ने दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण, उन्हें सम्मानजनक जीवन प्रदान करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।




