बोरियो में सघन वाहन जांच अभियान, 21 वाहनों का चालान; 37,500 रुपये जुर्माना वसूला।
38 वाहनों की हुई जांच, यातायात नियमों के पालन और हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग के प्रति चालकों को किया गया जागरूक।

बोरियो साहिबगंज। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने, यातायात नियमों का अनुपालन कराने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला परिवहन पदाधिकारी अमर जॉन आइंद के निर्देश पर बोरियो थाना क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया सहित कुल 38 वाहनों की जांच की गई। इसमें मोटर वाहन अधिनियम के नियमों का उल्लंघन करने वाले 21 वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई करते हुए कुल 37,500 रुपये जुर्माना वसूला गया।
जांच अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। उन्हें हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय लापरवाही नहीं बरतने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की रक्षा से जुड़ी सामूहिक जिम्मेदारी है।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से यातायात नियमों का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करने की अपील की। साथ ही तेज गति, लापरवाही और नियमों की अनदेखी से बचने की सलाह देते हुए कहा कि थोड़ी-सी सावधानी सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और अनमोल जिंदगियां बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
अभियान के दौरान मोटरयान निरीक्षक, साहिबगंज कुमार उत्कर्ष, अभिषेक मुंडा, थाना प्रभारी ओम प्रकाश चौहान, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक नीरज कुमार साह, आईटी सहायक राजहंस सहित पुलिस बल के जवान उपस्थित थे।



