राष्ट्रीय एकता दिवस पर सरदार वल्लभभाई पटेल को दी गई श्रद्धांजलि, प्रतिमा पर किया गया माल्यार्पण।
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक सहित वरीय पदाधिकारियों ने किया नमन, आपसी सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक एकता बनाए रखने का दिया संदेश।

पाकुड़। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को बैंक कॉलोनी, पाकुड़ स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह सहित जिले के वरीय पदाधिकारियों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक, आईटीडीए अरुण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमित कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार एवं कार्यपालक पदाधिकारी अमरेन्द्र चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके विचार और आदर्श आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज में आपसी सौहार्द, भाईचारा एवं सामाजिक एकता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि सभी समुदायों के लोग आपसी समन्वय, सहयोग और सद्भाव के साथ मिलकर कार्य करें। साथ ही सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देते हुए जिले के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि सामूहिक प्रयासों से पाकुड़ जिले को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाया जा सके।

कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया। उपस्थित पदाधिकारियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने तथा देश की एकता और भाईचारे को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।




