गंगा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में एसडीओ ने बांटी राहत सामग्री, ग्रामीणों को हरसंभव सहायता का भरोसा।
जलस्तर बढ़ने से संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, रामपुर टोपरा, बलुवा टोली एवं दियारा क्षेत्रों का किया निरीक्षण।

साहिबगंज। गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर एवं संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द ने गुरुवार को गंगा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने रामपुर टोपरा, बलुवा टोली एवं दियारा क्षेत्र का स्थल निरीक्षण करते हुए स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत की और बाढ़ की स्थिति से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने प्रभावित परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा मौके पर ही संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने के उद्देश्य से प्रशासन की ओर से खाद्य एवं पेय सामग्री का वितरण भी किया गया। प्रभावित परिवारों के बीच चूड़ा, गुड़, बिस्किट एवं पेयजल उपलब्ध कराया गया, ताकि आपदा की स्थिति में उन्हें तत्काल आवश्यक खाद्य सामग्री मिल सके।

एसडीओ ने क्षेत्र में गंगा नदी के जलस्तर, आवागमन की स्थिति तथा आमजनों की सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी रखने तथा जलस्तर में होने वाले बदलाव पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया।
अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द ने कहा कि संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रभावित परिवारों को जरूरत के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नियमित रूप से भ्रमण कर स्थिति का आकलन करते रहें और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने आमजनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सुविधाओं एवं राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को भरोसा दिलाया गया कि बाढ़ की स्थिति में किसी भी परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और जरूरत के अनुसार राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रशासन द्वारा गंगा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी, राहत व्यवस्था एवं आवश्यक खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि संभावित बाढ़ की स्थिति में प्रभावित लोगों को समय पर सहायता मिल सके।मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अंचलाधिकारी, साहिबगंज बासुकीनाथ टुडू सहित संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।




