Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने दी श्रद्धांजलि।

चैंबर अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा—सुदिव्य कुमार सोनू का निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति, व्यवसायिक एवं युवा वर्ग ने खोया अपना हितैषी।

साहिबगंज। झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं गिरिडीह सदर के लोकप्रिय विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, साहिबगंज की ओर से शोक सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान चैंबर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दिवंगत नेता के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा।

चैंबर के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अत्यंत दुःख के साथ यह सूचित करना पड़ रहा है कि झारखंड सरकार में नगर विकास एवं आवास विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, पर्यटन विभाग तथा कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभागों के कैबिनेट मंत्री एवं गिरिडीह सदर के लोकप्रिय विधायक सुदिव्य कुमार सोनू का 06 सितंबर 2026, रविवार की तड़के हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया। वे लगभग 56 वर्ष के थे।

उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का इस तरह अचानक दुनिया से चले जाना पूरे झारखंड के लिए अत्यंत दुखद एवं अपूरणीय क्षति है। विशेष रूप से व्यवसायिक जगत और युवा वर्ग ने एक सक्रिय, संवेदनशील एवं जनहित के प्रति समर्पित जनप्रतिनिधि को खो दिया है।

राजेश अग्रवाल ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू सार्वजनिक जीवन में अपनी सक्रियता और जनसरोकारों के लिए सदैव याद किए जाएंगे। उनके निधन की खबर से झारखंड के राजनीतिक, सामाजिक, शैक्षणिक, व्यवसायिक एवं युवा क्षेत्रों में शोक की लहर है। उन्होंने कहा कि यह विश्वास करना कठिन है कि जो जनप्रतिनिधि निधन से महज एक दिन पहले 05 सितंबर को शिक्षक दिवस समारोह में सक्रिय रूप से शामिल हुए थे, वे अचानक हम सभी के बीच नहीं रहे।

शोक सभा में उपस्थित चैंबर के सदस्यों ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का असामयिक निधन राज्य के लिए एक ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की कामना की।

शोक सभा में ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, साहिबगंज के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, सचिव मोहित बेगराजका, कोषाध्यक्ष विवेक कुमार, कार्यकारिणी सदस्य अंकित तमाखुवाला, पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद आफताब आलम, सहसचिव पिंटू कुमार शाह, डॉ. कमल महावर, कार्यकारिणी सदस्य रवि शंकर पोद्दार, सदस्य मनीष दीवान, सदस्य रितेश चौधरी एवं कार्यकारिणी सदस्य नवल किशोर मंडल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि दी और उनकी पुण्य आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!