Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

साहिबगंज में 1.71 लाख से अधिक महिलाओं को मिली बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की ₹42.78 करोड़ की राशि डीबीटी से खातों में भेजी गई।

जुलाई 2026 की सम्मान राशि सीधे लाभुकों के बैंक खातों में हस्तांतरित, एचआईवी/एड्स पीड़ित 191 लाभुकों को भी अप्रैल से जुलाई तक की ₹7.96 लाख पेंशन राशि जारी।

साहिबगंज। झारखंड सरकार के महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के जुलाई माह की सम्मान राशि साहिबगंज जिले के पात्र लाभुकों के बैंक खातों में भेज दी गई है। जिला प्रशासन की ओर से योजना का लाभ पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से लाभुकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है।

जिले की 1,71,156 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से जुलाई 2026 की ₹2,500 प्रति लाभुक की सम्मान राशि भेजी जा रही है। इस मद में कुल ₹42,78,97,500 (बयालीस करोड़ अठहत्तर लाख सत्तानबे हजार पाँच सौ रुपये) की राशि सीधे लाभुकों के खातों में हस्तांतरित की गई है।

मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का उद्देश्य राज्य की पात्र महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। जिला प्रशासन ने कहा है कि योजना के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

इसके साथ ही सर्वजन पेंशन योजना के अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री राज्य एचआईवी/एड्स पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना के लाभुकों को भी राहत प्रदान की गई है। योजना के तहत जिले के 191 पात्र लाभुकों के बैंक खातों में अप्रैल से जुलाई 2026 तक की चार माह की पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी जा रही है।

प्रत्येक लाभुक को ₹1,000 प्रति माह की दर से चार माह की कुल ₹4,000 सहायता राशि प्रदान की जा रही है। इस क्रम में कुल ₹7,96,000 (सात लाख छियानबे हजार रुपये) लाभुकों के बैंक खातों में क्रेडिट किए जा रहे हैं।

जिला प्रशासन ने सभी लाभुकों से अपील की है कि वे अपने बैंक खातों की नियमित रूप से जांच करें। यदि किसी लाभुक के खाते में राशि प्राप्त होने में किसी प्रकार की समस्या आती है, तो वे संबंधित प्रखंड कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक सहायता प्राप्त करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!