एसआईआर को लेकर राजमहल व उधवा में झामुमो की अहम बैठक, कार्यकर्ताओं को दिए गए जरूरी दिशा-निर्देश।
जिलाध्यक्ष अरुण सिंह बोले – किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम नहीं कटने दिया जाएगा, बीएलए-1 व बीएलए-2 को सतर्क रहने का निर्देश।

साहिबगंज। राजमहल डाक बंगला में नगर अध्यक्ष मो. अजीरूद्दीन उर्फ आजाद की अध्यक्षता में नगर एवं प्रखंड झामुमो कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से झामुमो जिलाध्यक्ष अरुण सिंह, विधायक प्रतिनिधि सह युवा मोर्चा जिला सचिव मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, केंद्रीय समिति सदस्य एखलाकुर रहमान, नगर पंचायत अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख, प्रो. नजरूल इस्लाम एवं घीसू शेख सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर पार्टी की रणनीति एवं संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष अरुण सिंह ने कहा कि पार्टी के निर्देशानुसार लगातार बीएलए-1 एवं बीएलए-2 को आवश्यक जानकारी और प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि एसआईआर कार्य के दौरान किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर सतर्कता के साथ कार्य करें, जिससे किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटे।

विधायक प्रतिनिधि सह युवा मोर्चा जिला सचिव मो. मारूफ उर्फ गुड्डू ने कहा कि विपक्षी दल एसआईआर को राजनीतिक हथकंडे के रूप में इस्तेमाल कर सत्ता हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं। जानकारी के अभाव में वास्तविक मतदाताओं के नाम भी हटाए जा रहे हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से काटे गए।
उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को एसआईआर प्रक्रिया के दौरान पूरी तरह जागरूक एवं सक्रिय रहने की आवश्यकता है, ताकि किसी पात्र मतदाता का अधिकार प्रभावित न हो।

राजमहल बैठक के बाद उधवा प्रखंड में भी एसआईआर को लेकर झामुमो की प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष अयुब अली उर्फ बाबू दा ने की।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो जिलाध्यक्ष अरुण सिंह, विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, केंद्रीय समिति सदस्य एखलाकुर रहमान, राजमहल पूर्व प्रखंड अध्यक्ष घीसू शेख एवं महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष बसंती हांसदा उपस्थित रहीं। इसके अलावा प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित दर्जनों बीएलए-2 भी बैठक में शामिल हुए।

बैठक के दौरान नेताओं ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में सतर्कता बरतने पर जोर दिया।
मो. मारूफ उर्फ गुड्डू ने कहा कि उधवा प्रखंड के कार्यकर्ताओं ने हमेशा पार्टी के प्रति एकजुटता दिखाई है और आगे भी इसी समर्पण के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने चयनित बीएलए-2 से कहा कि पार्टी द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करें।
उन्होंने पश्चिम बंगाल के मानिकचक विधानसभा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए दावा किया कि वहां एसआईआर के नाम पर लगभग 32 हजार मतदाताओं के नाम हटाए गए, जबकि पूरे पश्चिम बंगाल में लाखों मतदाताओं के नाम काटे जाने की बातें सामने आई हैं।
झामुमो जिलाध्यक्ष अरुण सिंह ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रारंभ में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान 11 प्रकार के दस्तावेजों की मांग की गई थी, जिसमें आधार कार्ड एवं राशन कार्ड को शामिल नहीं किया गया था।
उन्होंने कहा कि लगातार मांग और संघर्ष के बाद अब आधार कार्ड एवं राशन कार्ड को भी आवश्यक दस्तावेज के रूप में शामिल किया गया है, जो आम मतदाताओं के लिए राहत की बात है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करना होगा। यदि किसी वास्तविक मतदाता का नाम छूट जाता है, तो नियमसंगत प्रक्रिया के तहत आवश्यक दस्तावेजों के साथ उसका नाम पुनः जुड़वाने का कार्य किया जाएगा।
बैठक के अंत में चयनित बीएलए-2 को एसआईआर कार्य के दौरान मतदाता सूची की निगरानी, बीएलओ से समन्वय तथा क्षेत्र के वास्तविक मतदाताओं की जानकारी अद्यतन रखने को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए गए।



