बेंगड़ूब्बी-2 में ONE CHC ONE WEEK कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ, बच्चों के टीकाकरण पर दिया गया विशेष जोर।
साहिबगंज सिविल सर्जन रामदेव पासवान एवं बीडीओ मो. युसूफ ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया उद्घाटन, स्वास्थ्य कर्मियों व ग्रामीणों की रही सक्रिय भागीदारी।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल प्रखंड अंतर्गत नारायणपुर के बेंगड़ूब्बी-2 में सोमवार को ONE CHC ONE WEEK कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन साहिबगंज सिविल सर्जन रामदेव पासवान एवं राजमहल प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. युसूफ ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि बच्चों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए समय पर टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक अभिभावक अपने बच्चों को नियमित रूप से सभी आवश्यक टीके अवश्य दिलाएं, ताकि बच्चे स्वस्थ एवं सुरक्षित रह सकें।

कार्यक्रम में राजमहल अनुमंडल अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडु भी उपस्थित रहे। मौके पर प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक सह लेखा प्रबंधक अमित कुमार, प्रखंड डाटा प्रबंधक नितिन मुर्मू, यूनिसेफ स्कूल संस्था के प्रतिनिधि, विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रतिनिधि, नामित स्वास्थ्यकर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता एवं टीकाकरण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बच्चों के स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर जागरूकता का परिचय दिया।




