बीएलएनएल बोहरा डिग्री कॉलेज की शासी निकाय बैठक में शामिल हुए विधायक एमटी राजा।
शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार, नियमित पठन-पाठन एवं महाविद्यालय के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल स्थित बीएलएनएल बोहरा डिग्री कॉलेज में महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने, पठन-पाठन की गुणवत्ता में सुधार तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासी निकाय की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजमहल विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा मुख्य रूप से शामिल हुए। इस दौरान महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, प्रशासनिक व्यवस्था एवं समग्र विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में राजमहल अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर हरिशंकर सिंह भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान महाविद्यालय में पठन-पाठन की स्थिति, शिक्षण कार्य को प्रभावी बनाने, शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति तथा शैक्षणिक अनुशासन से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई।

विधायक एमटी राजा ने महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी लेते हुए विद्यार्थियों को नियमित और सुचारु रूप से शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति तथा जिम्मेदार कार्यप्रणाली के महत्व पर भी चर्चा की गई।
बैठक में विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने, आवश्यक शैक्षणिक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा महाविद्यालय के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य वर्तमान व्यवस्थाओं की समीक्षा कर पठन-पाठन को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा करना रहा।



