मतदाता सूची को शत-प्रतिशत त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने पर जोर, उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कई बूथों का किया निरीक्षण।
बीएलओ-बीएलए-2 बैठक व चुनाव पाठशाला में लिया भाग, 23 से 25 जुलाई तक चलेगा विशेष सत्यापन अभियान; एक भी पात्र मतदाता छूटे नहीं, दिए सख्त निर्देश।

पाकुड़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने बुधवार को पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले की मतदाता सूची को शत-प्रतिशत त्रुटिरहित, अद्यतन, पारदर्शी और समावेशी बनाया जाए तथा कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मध्य विद्यालय नरोत्तमपुर स्थित मतदान केंद्र संख्या 214 एवं 215, मध्य विद्यालय वल्लभपुर स्थित मतदान केंद्र संख्या 434 एवं 435 तथा कीताझोर स्थित मतदान केंद्र संख्या 398, 399 एवं 400 का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर आयोजित बीएलओ-बीएलए-2 बैठक एवं चुनाव पाठशाला में भाग लेकर बीएलओ, बीएलए-2, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद भी किया।

उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान एएसडीडी (ASDD) सूची, लंबित प्रपत्रों, घर-घर सत्यापन अभियान तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाकर मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध एवं विश्वसनीय बनाना है।
उन्होंने निर्देश दिया कि जिन पात्र मतदाताओं का नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, उनके आवेदन प्रपत्र तत्काल भरवाकर जमा कराए जाएं। वहीं जिन मतदाताओं का अब तक सत्यापन नहीं हो सका है अथवा जो बीएलओ एवं बीएलए-2 के स्तर पर भी ट्रेस नहीं हो पाए हैं, उनके लिए 23 जुलाई से 25 जुलाई तक विशेष घर-घर सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान संबंधित मतदाताओं का सत्यापन कर आवश्यक प्रपत्र प्राप्त किए जाएंगे।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि “एक भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए।” इसके लिए छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने हेतु विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे, जहां प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने बीएलओ एवं बीएलए-2 को निर्देश दिया कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच बनाएं तथा सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं गुणवत्ता के साथ पुनरीक्षण कार्य संपन्न करना सभी संबंधित अधिकारियों, बीएलओ एवं बीएलए-2 की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, बीएलए-2 एवं स्थानीय नागरिकों से भी इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध अभिलेखों, प्रपत्रों एवं पुनरीक्षण कार्यों का भी अवलोकन किया तथा सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर एईआरओ सह अंचलाधिकारी, पाकुड़ अरविन्द कुमार बेदिया, अतिरिक्त एईआरओ सह कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ, बीएलए-2, जनप्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



