आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा में लाभुकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर।
अधिक से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाने, आधार संबंधी त्रुटियों के त्वरित समाधान और गांव-गांव तक योजना का लाभ पहुंचाने का निर्देश।

पाकुड़। समाहरणालय में मंगलवार को आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी एवं सुचारु क्रियान्वयन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में योजना की प्रगति, पात्र लाभुकों का आयुष्मान कार्ड निर्माण, स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता तथा योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिले के अधिक से अधिक पात्र लाभुकों का आयुष्मान कार्ड बनाने पर विशेष जोर दिया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी योग्य लाभुक आयुष्मान भारत योजना के लाभ से वंचित न रहे।

बैठक में यह भी सामने आया कि आधार कार्ड में दर्ज विभिन्न प्रकार की त्रुटियों के कारण कुछ पात्र लाभुकों का आयुष्मान कार्ड नहीं बन पा रहा है। इस पर विशेष पहल करते हुए संबंधित अधिकारियों को आधार संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान कराने का निर्देश दिया गया, ताकि पात्र लाभुकों का कार्ड निर्माण सुगमता से हो सके और उन्हें समय पर स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिल सके।समीक्षा के क्रम में आयुष्मान मित्रों की बहाली सुनिश्चित करने तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। इसके अलावा योजना के तहत उपलब्ध सेटअप कॉस्ट का समुचित उपयोग करते हुए कार्यालय के लिए आवश्यक आधारभूत व्यवस्था विकसित करने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत उपलब्ध रिवॉल्विंग फंड का नियमानुसार एवं समुचित उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि योजना से जुड़े संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए लाभुकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।
आयुष्मान भारत योजना का लाभ जिले के दूरदराज एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता अभियान चलाने पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि गांव-गांव तक योजना की जानकारी पहुंचाई जाए और लोगों को आयुष्मान कार्ड की उपयोगिता, पात्रता एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जागरूक किया जाए।बैठक में आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज कराने वाले मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्हें अलग से आवश्यक किट उपलब्ध कराने की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इसका उद्देश्य योजना के अंतर्गत उपचार प्राप्त करने वाले मरीजों को बेहतर एवं सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि आयुष्मान भारत योजना का लाभ जिले के प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाने के लिए आपसी समन्वय के साथ मिशन मोड में कार्य करें। पात्र लाभुकों को समय पर गुणवत्तापूर्ण एवं कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।अधिकारियों से कहा गया कि योजना के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए पात्र लाभुकों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाया जाए। साथ ही, योजना के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी एवं समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में सिविल सर्जन, सांसद प्रतिनिधि, विधायक प्रतिनिधि, डीपीएम, डीपीसी आयुष्मान सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



