तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर की टक्कर से +2 का छात्र गंभीर रूप से घायल, बेहतर इलाज के लिए रेफर।
विद्यालय से नाश्ता करने जा रहे छात्र को मारी टक्कर, चालक वाहन सहित फरार; पैर में फ्रैक्चर, उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया।

तालझारी। साहिबगंज जिले के तालझारी प्रखंड में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में +2 का एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हरिणकोल स्थित +2 उत्क्रमित कन्या उच्च विद्यालय, तालझारी में अध्ययनरत मंगल तुरी (16 वर्ष), पिता रामदास तुरी, निवासी निपनिया, विद्यालय से नाश्ता करने के लिए शहीद चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना गुरुवार को लगभग 12:30 बजे तालझारी बाटा रोड पर हुई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल छात्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तालझारी पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा योद्धा प्रजापति प्रकाश बाबा भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने घायल छात्र के इलाज की व्यवस्था कराने में सहयोग किया और परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. रंजन कुमार की निगरानी में डॉ. पिकूं चौधरी ने घायल छात्र का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि छात्र के दाहिने पैर में फ्रैक्चर हुआ है। बेहतर एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
दुर्घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश देखा गया। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से अज्ञात ट्रैक्टर चालक की शीघ्र पहचान कर उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की भी अपील की है।




