स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न, उपायुक्त एवं एसपी ने परेड का लिया जायजा।
सिद्धो-कान्हू स्टेडियम में दिखा देशभक्ति और अनुशासन का जोश, समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा जिला प्रशासन।

साहिबगंज। स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के सफल, भव्य एवं गरिमामय आयोजन को लेकर गुरुवार को मुख्य समारोह स्थल सिद्धो-कान्हू स्टेडियम, साहिबगंज में फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। उपायुक्त दीपक कुमार दूबे एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों एवं परेड के अंतिम पूर्वाभ्यास का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने समारोह स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान पुलिस बल, एनसीसी कैडेट्स तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप परेड का अनुशासित एवं प्रभावशाली पूर्वाभ्यास किया। सार्जेंट मेजर एवं सार्जेंट के नेतृत्व में परेड की विभिन्न टुकड़ियों ने पूरे अनुशासन एवं गरिमापूर्ण ढंग से मार्च-पास्ट का अभ्यास किया। उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने परेड की विभिन्न टुकड़ियों का निरीक्षण कर सलामी ली तथा जवानों, एनसीसी कैडेट्स एवं छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।

फुल ड्रेस रिहर्सल से पूर्व उपायुक्त दीपक कुमार दूबे एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने सिद्धो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान होने वाले ध्वजारोहण कार्यक्रम का भी पूर्वाभ्यास किया गया। स्कूली छात्राओं ने ध्वजारोहण से पूर्व राष्ट्रीय गीत तथा ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान का विधिवत पूर्वाभ्यास किया।
उपायुक्त ने समारोह के सफल आयोजन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि समारोह स्थल पर सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। उन्होंने अतिथियों एवं आम नागरिकों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, मंच, पंडाल सहित अन्य तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं। समारोह में शामिल होने वाले अतिथियों, आम नागरिकों, स्कूली बच्चों एवं प्रतिभागियों की सुविधा को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखने को कहा। मुख्य समारोह स्थल पर पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था एवं अन्य सुरक्षा पहलुओं को लेकर भी आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया गया।
मुख्य समारोह स्थल सिद्धो-कान्हू स्टेडियम में भव्य पंडाल, मंच, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य तैयारियों का कार्य अब अंतिम चरण में है। जिला प्रशासन की ओर से समारोह को व्यवस्थित, सुरक्षित और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर ध्वजारोहण एवं परेड के बाद विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट, सराहनीय एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाएगा। इसको लेकर भी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण की समय-सारणी,
सिद्धो-कान्हू स्टेडियम, मुख्य समारोह स्थल — पूर्वाह्न 9:15 बजे,
समाहरणालय, साहिबगंज — पूर्वाह्न 10:35 बजे,
विकास भवन, साहिबगंज — पूर्वाह्न 10:55 बजे,
पुलिस अधीक्षक कार्यालय — पूर्वाह्न 11:15 बजे,
पुलिस लाइन कार्यालय — पूर्वाह्न 11:25 बजे,
अनुमंडल कार्यालय, साहिबगंज — पूर्वाह्न 11:45 बजे

इसके अतिरिक्त जिले के सभी सरकारी कार्यालयों एवं विद्यालयों में मुख्य समारोह स्थल के निर्धारित झंडोत्तोलन कार्यक्रम से पूर्व ध्वजारोहण किया जाएगा।
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान जिले के वरीय पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, पुलिस जवान, एनसीसी कैडेट्स, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं तथा संबंधित विभागों के कर्मी उपस्थित रहे। फुल ड्रेस रिहर्सल के सफल आयोजन के साथ ही साहिबगंज जिला प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लगभग अंतिम रूप दे दिया है। अब 15 अगस्त को सिद्धो-कान्हू स्टेडियम में देशभक्ति, अनुशासन और गौरव के वातावरण में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा।




