डूरंड कप फुटबॉल मैच देखने साहिबगंज से 50 खिलाड़ी रांची रवाना।
बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में एससी दिल्ली और इंडियन एयर फोर्स के बीच मुकाबला देखेंगे जिले के खिलाड़ी।

साहिबगंज। खेलकूद एवं युवाकार्य निदेशालय, झारखंड, रांची के निर्देश के आलोक में जिला प्रशासन, साहिबगंज एवं जिला खेल कार्यालय की ओर से जिले के खिलाड़ियों को डूरंड कप फुटबॉल मैच देखने का अवसर प्रदान किया गया है। इसी क्रम में साहिबगंज के सिद्धो-कान्हू स्टेडियम में संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र एवं नवसृजित बालक फुटबॉल क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र के कुल 50 खिलाड़ी शुक्रवार को रांची के लिए रवाना हुए।
खिलाड़ियों के साथ खेल प्रशिक्षक योगेश यादव भी रांची गए हैं। सभी खिलाड़ी 10 अगस्त की संध्या 7 बजे रांची स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित होने वाले डूरंड कप के मुकाबले का प्रत्यक्ष रूप से आनंद लेंगे। इस मुकाबले में एससी दिल्ली और इंडियन एयर फोर्स की टीमें आमने-सामने होंगी।
डूरंड कप जैसे प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट का मुकाबला प्रत्यक्ष रूप से देखने को लेकर जिले के खिलाड़ियों में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिल रहा है। खिलाड़ियों का कहना है कि बड़े स्तर के खिलाड़ियों और टीमों को खेलते हुए करीब से देखना उनके लिए प्रेरणादायक अनुभव होगा। इससे उन्हें खेल की बारीकियों को समझने तथा भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए नई प्रेरणा मिलेगी।
जिला प्रशासन एवं जिला खेल कार्यालय की इस पहल से खिलाड़ियों में विशेष उत्साह है। खिलाड़ियों ने उन्हें यह अवसर उपलब्ध कराने के लिए खेल विभाग एवं झारखंड सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। खिलाड़ियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन से युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी और उन्हें अपने खेल कौशल को निखारने की प्रेरणा मिलेगी।




