साहिबगंज में JFWCE-2024 परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी और कदाचारमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न।
11 परीक्षा केंद्रों पर तीन पालियों में हुई परीक्षा, सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था रही चाक-चौबंद।

साहिबगंज। झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा (JFWCE)-2024 का आयोजन रविवार को साहिबगंज जिला मुख्यालय के 11 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। परीक्षा आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तीन पालियों में परीक्षा आयोजित की गई। जिला प्रशासन ने परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा एवं प्रशासनिक इंतजाम किए थे।
जिले में संध्या कॉलेज, संत जोसेफ अकादमी, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय (पोखरिया), संत जेवियर विद्यालय (हिंदी माध्यम), अपग्रेड नगर पालिका गर्ल्स हाई स्कूल, संत जेवियर विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम), पूर्व रेलवे हाई स्कूल, राजकीय कन्या मध्य विद्यालय, राजस्थान इंटर स्कूल, पब्लिक हाई स्कूल तथा साहिबगंज कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था।

परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की थी। प्रशासन की ओर से 25 परीक्षा पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर), 14 स्टैटिक दंडाधिकारी, 11 गश्ती दंडाधिकारी (पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट), 4 उड़नदस्ता दल तथा 2 स्ट्रांग रूम दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई थी। इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई, ताकि विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
परीक्षा के दौरान उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मियों को आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
परीक्षा संपन्न होने के बाद उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, केंद्राधीक्षकों, शिक्षकों, कर्मचारियों तथा परीक्षा आयोजन में सहयोग देने वाले सभी संबंधित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के समन्वित प्रयास, अनुशासन, सतर्कता और जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली के कारण झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा (JFWCE)-2024 का आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित, पारदर्शी और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया गया, जिससे पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, सुरक्षित और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो सकी।



