तिरुपति में चोरी हुए 200 स्मार्टफोन साहिबगंज से बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार।
42 आईफोन समेत करीब 2 करोड़ रुपये के मोबाइल बरामद, राधानगर पुलिस ने फरक्का थाना क्षेत्र में की कार्रवाई।

साहिबगंज। आंध्र प्रदेश के तिरुपति में एक मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान से चोरी हुए करीब 200 स्मार्टफोन को साहिबगंज पुलिस के सहयोग से बरामद कर लिया गया है। मामले में राधानगर थाना क्षेत्र के रहने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीसीएस तिरुपति थाना कांड संख्या 22/2026, दिनांक 08 अगस्त 2026, धारा 331(4)/305(a) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। 08 अगस्त की रात आंध्र प्रदेश के तिरुपति स्थित सोनोविजन प्राइवेट लिमिटेड दुकान से अज्ञात चोरों द्वारा करीब 200 मोबाइल फोन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया गया था।
चोरी की घटना के अनुसंधान के क्रम में तिरुपति पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश में राधानगर थाना पहुंची। इस संबंध में साहिबगंज पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी को निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में राधानगर थाना पुलिस बल ने तिरुपति पुलिस टीम को आवश्यक सहयोग प्रदान किया। संयुक्त कार्रवाई के दौरान चोरी की घटना में संलिप्त राधानगर थाना क्षेत्र के तीन आरोपियों को फरक्का थाना क्षेत्र से चोरी के सामान के साथ विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 200 स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं। इनमें 42 आईफोन शामिल हैं। इसके अलावा ओपो, वीवो, रियलमी और सैमसंग समेत विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मामले में राधानगर थाना क्षेत्र के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, आलम शेख (49 वर्ष), पिता स्व. मंटू शेख, निवासी उत्तर पियारपुर।, मो. बसीरुद्दीन शेख (लगभग 56 वर्ष), पिता अजेद अली, निवासी पियारपुर।, टोनीक शेख (लगभग 33 वर्ष), पिता नसीरुद्दीन शेख, निवासी खट्टी टोला, उत्तर पलाशगाछी।तीनों आरोपी थाना राधानगर, जिला साहिबगंज के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आलम शेख का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध विभिन्न थानों में चोरी, हथियार एवं अन्य आपराधिक मामलों से संबंधित कांड दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। इनमें मऊ कोतवाली थाना कांड संख्या 98/2026, लिट्टीपाड़ा थाना कांड संख्या 57/2015, राधानगर थाना कांड संख्या 17/2022, गाजीपुर थाना कांड संख्या 116/2022, हिरणपुर थाना कांड संख्या 23/2022, महाराष्ट्र के सिटी थाना क्षेत्र का कांड संख्या 353/2020, सैदपुर गाजीपुर थाना कांड संख्या 219/2022 तथा 220/2022 शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी टोनीक शेख का भी आपराधिक इतिहास पुलिस ने बताया है। उसके विरुद्ध दौलताबाद थाना कांड संख्या 352/2024, दिनांक 23 नवंबर 2024, धारा 310(4)/310(5) बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा हरिहरपाड़ा थाना कांड संख्या 715/2024, दिनांक 10 अक्टूबर 2024, धारा 305 बीएनएस के तहत भी मामला दर्ज है।
पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन एवं अन्य सामान की बरामदगी के बाद गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है। तिरुपति पुलिस और साहिबगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से अंतरराज्यीय चोरी के इस मामले के उद्भेदन में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।



