राजमहल नगर पंचायत की चौथी बोर्ड बैठक संपन्न, विकास योजनाओं और सावन की तैयारियों पर लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय।
जनता की सेवा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता, नगर का सर्वांगीण विकास हमारा लक्ष्य : अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख।

राजमहल, साहिबगंज। राजमहल नगर पंचायत के समग्र एवं सर्वांगीण विकास को गति देने के उद्देश्य से गुरुवार नगर पंचायत बोर्ड की चौथी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख ने की। बैठक में उपाध्यक्ष मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन, सभी वार्ड पार्षद तथा नगर पंचायत के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक में नगर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं, विकास कार्यों तथा आगामी सावन माह एवं मानसून के मद्देनजर आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान नगरवासियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सावन माह में गंगा स्नान एवं कांवर यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक व्यवस्था की जाएगी। गहरे पानी वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाएगी ताकि किसी भी दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।

आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए गंगा घाटों पर चौबीसों घंटे स्थानीय गोताखोरों एवं जल पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए आवश्यक सभी इंतजाम समय रहते पूरे करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में गंगा घाटों पर निर्धारित दूरी पर कूड़ेदान रखने का निर्णय लिया गया, जिससे स्वच्छता बनी रहे और श्रद्धालुओं को साफ-सुथरा वातावरण मिल सके। साथ ही प्रमुख घाटों पर अस्थायी चिकित्सा शिविर स्थापित किए जाएंगे, जहां श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
मानसून के दौरान नगर क्षेत्र में जलजमाव की समस्या को देखते हुए दो नए पंपिंग सेट मंगाने का निर्णय लिया गया। इससे बारिश के समय जल निकासी में तेजी आएगी और लोगों को जलभराव से काफी राहत मिलेगी।
बैठक के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख ने कहा कि नगरवासियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना नगर पंचायत की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मिलकर राजमहल को स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित नगर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। वहीं उपाध्यक्ष मो. मारूफ उर्फ गुड्डू ने भी सभी योजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर बल दिया।

बोर्ड बैठक समाप्त होने के तुरंत बाद नगर पंचायत अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख, उपाध्यक्ष मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन, सभी पार्षद एवं नगर पंचायत की टीम ने राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचकर वहां भर्ती मरीजों से मुलाकात की।
जनप्रतिनिधियों ने मरीजों से अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा उन्हें मिल रही दवाओं, भोजन और साफ-सफाई की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा साफ-सफाई बनाए रखने के आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. उदय टुडू भी उपस्थित रहे। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं से प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
बैठक एवं अस्पताल निरीक्षण के माध्यम से नगर पंचायत ने स्पष्ट संदेश दिया कि विकास कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ नागरिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। नगर पंचायत द्वारा लिए गए निर्णयों से सावन माह के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा बरसात के मौसम में आम लोगों को राहत पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।




