अगलोई में पूर्व मंत्री आलमगीर आलम का जनसंवाद कार्यक्रम संपन्न, विकास और जनसेवा के लिए संघर्ष जारी रखने का किया संकल्प।
भावुक हुए पूर्व मंत्री, जनता और कार्यकर्ताओं के समर्थन के लिए जताया आभार; मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील।

बरहरवा साहिबगंज। बरहरवा प्रखंड अंतर्गत अगलोई पंचायत में गुरुवार को आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय ग्रामीणों के उत्साह, भारी जनसमर्थन और जोशीले स्वागत के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। लंबे समय बाद क्षेत्र में पहुंचे पूर्व मंत्री के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, समर्थक एवं ग्रामीण कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित रहे। उनके आगमन पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, बुके एवं शॉल ओढ़ाकर गर्मजोशी से स्वागत और सम्मान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकतुल्लाह खान ने कहा कि पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के कार्यकाल में पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा गया। उन्होंने कहा कि आलमगीर आलम केवल एक जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि क्षेत्र के जननायक एवं विकास पुरुष हैं। जनता की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए उन्होंने हमेशा समर्पित भाव से कार्य किया है।

अपने संबोधन के दौरान पूर्व मंत्री आलमगीर आलम भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि अगलोई पंचायत एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों से उनका वर्षों पुराना आत्मीय संबंध रहा है, जिसे वे कभी नहीं भूल सकते। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उन्हें जेल भेज दिया गया था और चुनाव अवधि के दौरान भी वे जेल में ही बंद रहे। उस कठिन समय में उन्होंने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं से केवल इतना कहा था कि वे स्वयं को आलमगीर आलम समझकर जनता के बीच जाएं तथा उनकी धर्मपत्नी एवं वर्तमान विधायक निसात आलम को भारी मतों से विजयी बनाने का कार्य करें।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उनके इस संदेश को दिल से स्वीकार किया और निसात आलम को पूरे झारखंड में सर्वाधिक मतों के अंतर से विजयी बनाकर विधानसभा भेजने का ऐतिहासिक कार्य किया। इसके लिए उन्होंने क्षेत्र की जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने जिस विश्वास, प्रेम और सम्मान का परिचय दिया है, उसका ऋण वे जीवनभर नहीं चुका सकते। उन्होंने कहा कि जनता का यह प्यार और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री ने विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर अभियान से संबंधित जानकारी भी ग्रामीणों के साथ साझा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं को ग्रामीणों की हरसंभव सहायता करने का निर्देश दिया।

क्षेत्रीय विकास के मुद्दे पर बोलते हुए आलमगीर आलम ने कहा कि पंचायत एवं आसपास के क्षेत्रों में जो भी विकास कार्य अधूरे हैं, उन्हें पूरा कराने के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि क्षेत्र के विकास तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि बरकतुल्लाह खान, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष रंजीत टुडू, मोफकर हुसैन, मोरसलिम खान, अख्तरुल, रबीउल इस्लाम, नवीद अंजुम, दिलदार आलम, काजल, मो. रफीक, नेहाल अख्तर, महबूब आलम, शारिक रब्बानी सहित कांग्रेस पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।



