राजमहल में जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र के लिए विशेष कैंप का निरीक्षण, अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा।
लोगों को समय पर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने पर दिया गया जोर।

राजमहल साहिबगंज । आमजन को जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र जैसी आवश्यक सेवाएं सुगमता और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित विशेष कैंपों का मंगलवार को राजमहल प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. यूसुफ ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पंचायतों में पहुंचकर कैंप की व्यवस्थाओं, आवेदन प्रक्रिया तथा प्रमाण पत्र निर्गत करने से संबंधित कार्यों का जायजा लिया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने मुकीमपुर, सैदपुर एवं घाट जमनी पंचायत में आयोजित विशेष कैंपों का निरीक्षण करते हुए संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्र महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं, इसलिए इनके निर्गमन की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं त्वरित बनाया जाए।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ मो. यूसुफ ने कैंप में प्राप्त आवेदनों की स्थिति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र आवेदकों के आवेदन का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी आवेदक को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जाए।

निरीक्षण के दौरान पंचायत राज पदाधिकारी सूर्यनारायण चौधरी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी गगन बापू, प्रखंड समन्वयक अभिजीत कुमार, निराकार मिश्रा, दिनेश कुमार, सभी वीएलई (VLE) एवं पंचायत सहायक सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने कैंप के सफल संचालन एवं आमजनों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
विशेष कैंप के माध्यम से ग्रामीणों को अपने पंचायत स्तर पर ही आवश्यक प्रमाण पत्रों के लिए आवेदन करने की सुविधा मिलने से लोगों में संतोष देखा गया। ग्रामीणों ने सरकार एवं प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे उन्हें प्रखंड कार्यालय के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।


