Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

साहिबगंज में नशा उन्मूलन महाअभियान का शुभारंभ, उपायुक्त ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी।

15 से 26 जून तक चलेगा राज्यव्यापी अभियान, नुक्कड़ नाटक और जागरूकता रथ के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से किया जाएगा अवगत।

साहिबगंज। निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से राज्य सरकार के निर्देशानुसार 15 जून से 26 जून 2026 तक राज्यव्यापी नशा उन्मूलन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को समाहरणालय परिसर, साहिबगंज से उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।

यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर आमजनों, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगा। साथ ही नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगा।

इस अवसर पर उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज तीनों के लिए अत्यंत घातक है। उन्होंने कहा कि नशे की लत युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को अंधकारमय बना सकती है। इसलिए समाज के प्रत्येक वर्ग को इसके विरुद्ध एकजुट होकर जनआंदोलन खड़ा करने की आवश्यकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि नशा उन्मूलन अभियान को सफल बनाने में सभी सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए जागरूक करें।

कार्यक्रम के दौरान दीपक आर्ट की टीम द्वारा नशा मुक्ति विषय पर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने सशक्त एवं जीवंत अभिनय के माध्यम से नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों तथा नशामुक्त जीवन के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। उपस्थित लोगों ने नाटक की सराहना करते हुए इसके संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।

अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी संजय कुमार दास सहित जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे इस जन-जागरूकता अभियान में सहभागी बनें तथा स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!