झारखंड मजदूर संघ की बैठक में संगठन विस्तार पर जोर, मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई को मिलेगा नया आयाम।
राजमहल में आयोजित बैठक में बेरोजगारी, पलायन और महंगाई जैसे मुद्दों पर हुई चर्चा, गांव-गांव तक संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान।

राजमहल, साहिबगंज। राजमहल स्थित श्री श्री पगली दुर्गा मंदिर, मंडई परिसर में शनिवार को झारखंड मजदूर संघ (प्रजातांत्रिक) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष दुर्योधन कुमार शाह ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत बनाना, उसके विस्तार की रणनीति तैयार करना तथा क्षेत्र के मजदूरों एवं आम जनता से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर व्यापक चर्चा करना था।
बैठक में संगठन के केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव एवं केंद्रीय उपाध्यक्ष फूल कुमारी देवी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन की वर्तमान गतिविधियों, भविष्य की योजनाओं तथा मजदूर हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव ने कहा कि किसी भी संगठन की सफलता उसके कार्यकर्ताओं की निष्ठा, अनुशासन, समयबद्धता और सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि संगठन जितना मजबूत और संगठित होगा, मजदूरों एवं आम लोगों की समस्याओं को उतनी ही प्रभावी ढंग से प्रशासन और सरकार के समक्ष रखा जा सकेगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को गांव-गांव और वार्ड स्तर तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़कर मजदूरों की आवाज को और सशक्त बनाया जाए।
राजकुमार यादव ने कहा कि वर्तमान समय में बेरोजगारी, मजदूरों का पलायन, बढ़ती महंगाई तथा श्रमिकों को उनके वाजिब अधिकार और सुविधाएं नहीं मिलना गंभीर समस्याएं हैं। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों के समाधान के लिए संगठन लगातार संघर्ष कर रहा है और आने वाले दिनों में जनहित एवं मजदूर हित से जुड़े सवालों को और मजबूती के साथ उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन निरंतर प्रयासरत रहेगा।
बैठक के दौरान संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान को तेज करने, मजदूर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव रखे और संगठन को जमीनी स्तर पर अधिक सक्रिय एवं प्रभावशाली बनाने पर बल दिया।
सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को प्रखंड से लेकर पंचायत स्तर तक मजबूत बनाने तथा मजदूरों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने का संकल्प लिया।
बैठक के अंत में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मजदूरों के अधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय और स्थानीय जनसमस्याओं के समाधान के लिए संगठित होकर कार्य करने का संकल्प दोहराया। साथ ही संगठन को और अधिक सशक्त एवं जनआधारित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में केंद्रीय उपाध्यक्ष फूल कुमारी देवी, केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव, प्रखंड अध्यक्ष दुर्योधन कुमार शाह, मिथुन राजवंशी, बाबूराम शाह, जमुना राय, राकेश कुमार महतो, सोनिया देवी, परवीन मोहम्मद, हामिद, शेखर, रवि घोष सहित संगठन के कई कार्यकर्ता एवं सदस्य उपस्थित थे।

