बरहरवा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त कार्रवाई, भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त।
100 बोतल विदेशी शराब के साथ एक युवक गिरफ्तार, उत्पाद विभाग को सौंपने की प्रक्रिया शुरू।

बरहरवा साहिबगंज।आरपीएफ सीआईबी मालदा एवं आरपीएफ पोस्ट बरहरवा की संयुक्त टीम द्वारा अवैध मादक पदार्थों, आपत्तिजनक वस्तुओं एवं अवांछनीय गतिविधियों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान ट्रेन संख्या 13429 आनंद विहार–मालदा एक्सप्रेस में मालदा टाउन से बरहरवा रेलवे स्टेशन तक संचालित किया गया।
इस संयुक्त अभियान में आरपीएफ सीआईबी मालदा से सहायक उपनिरीक्षक रवि शंकर यादव, हेड कांस्टेबल स्वपन कुमार घोष एवं हेड कांस्टेबल नुपुर बरन मिद्या शामिल थे। वहीं आरपीएफ पोस्ट बरहरवा से उपनिरीक्षक लाल बहादुर माझी तथा कांस्टेबल शहजाद अंसारी अभियान में शामिल रहे।
जांच अभियान के दौरान जब ट्रेन बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-01 पर पहुंचने वाली थी, तभी रेडिंग पार्टी की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। युवक प्रतीक्षालय (वेटिंग हॉल) के मध्य भाग के निकट एक भारी ट्रॉली बैग एवं एक बैकपैक लेकर संदिग्ध अवस्था में घूम रहा था।
संदेह होने पर टीम ने युवक को रोककर उसके सामान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग एवं बैकपैक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई। पूछताछ के दौरान युवक शराब के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और न ही परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर पाया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम छोटू कुमार 21 वर्ष बताया। वह पिता सुबोध मंडल का पुत्र है तथा ग्राम लक्ष्मीपुर, पोस्ट सिंहचक, थाना सूरजगढ़ा, जिला लखीसराय, बिहार का निवासी है।
तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से निम्नलिखित विदेशी शराब बरामद की गई, ट्रॉली बैग से बरामद, ऑफिसर्स चॉइस एलीट व्हिस्की की 75 बोतलें, प्रत्येक बोतल 180 मि.ली., प्रति बोतल मूल्य ₹140, कुल अनुमानित मूल्य ₹10,500
बैकपैक से बरामद, ऑफिसर्स चॉइस एलीट व्हिस्की की 25 बोतलें, प्रत्येक बोतल 180 मि.ली., प्रति बोतल मूल्य ₹140, कुल अनुमानित मूल्य ₹3,500, कुल 18 लीटर शराब जब्त।
इस प्रकार कुल 100 बोतल विदेशी शराब बरामद एवं जब्त की गई, जिसकी कुल मात्रा 18,000 मि.ली. (18 लीटर) तथा कुल अनुमानित कीमत ₹14,000 बताई गई है।
बरामद शराब से भरे ट्रॉली बैग एवं बैकपैक को उपलब्ध गवाहों की उपस्थिति में विधिवत जब्ती सूची तैयार कर जब्त किया गया। हालांकि प्लेटफॉर्म पर कई बार अनुरोध करने के बावजूद कोई स्वतंत्र व्यक्ति जब्ती प्रक्रिया में गवाह बनने के लिए आगे नहीं आया।
कार्रवाई के बाद गिरफ्तार अभियुक्त छोटू कुमार एवं जब्त सामग्री को आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया गया। अभियुक्त की इच्छा के अनुसार उसके परिजनों को मोबाइल फोन के माध्यम से सूचना भी दे दी गई।
आरपीएफ द्वारा इस मामले की सूचना उत्पाद विभाग साहिबगंज को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु दे दी गई है।




