सिद्धो-कान्हो सभागार में आधार समस्याओं के समाधान हेतु विशेष शिविर का सफल आयोजन।
एक ही दिन में लगभग 150 लोगों की समस्याओं का हुआ समाधान, नागरिकों ने की पहल की सराहना।

साहिबगंज। जिले के सिद्धो-कान्हो सभागार में आज आधार से संबंधित विभिन्न समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से एक दिवसीय विशेष शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर का आयोजन सीएससी, ए0एस0के0 सेंटर एवं इंडियन पोस्टल बैंक के संयुक्त सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला परियोजना पदाधिकारी यूआईडी संदीप कुमार ने किया।
शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान लगभग 150 लोगों की आधार से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। आधार कार्ड में नाम, पता, मोबाइल नंबर, जन्म तिथि अद्यतन, बायोमेट्रिक अपडेट सहित अन्य तकनीकी समस्याओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को आधार सेवाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु एक ही स्थान पर सरल, सुगम एवं प्रभावी सुविधा उपलब्ध कराना था। उपस्थित नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जिला परियोजना पदाधिकारी यूआईडी संदीप कुमार ने कहा कि आधार से संबंधित सेवाओं को आमजन तक सुलभ, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष शिविरों का आयोजन लगातार किया जाता रहेगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
शिविर में सीएससी, ए0एस0के0 सेंटर एवं इंडियन पोस्टल बैंक के कर्मी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे और लोगों की समस्याओं के समाधान में सहयोग किया।


