बकरीद-2026 को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट।
शांति, सौहार्द और सुरक्षा के साथ मनाया जाएगा पर्व : उपायुक्त दीपक कुमार दूबे।

साहिबगंज। आगामी बकरीद-2026 पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों, पुलिस प्रशासन, नगर निकाय, स्वास्थ्य, विद्युत, पेयजल, अग्निशमन, परिवहन एवं उत्पाद विभाग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में उपायुक्त ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में नमाज अदा किए जाने वाले स्थानों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। इन इलाकों में ड्रोन कैमरा एवं सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से लगातार निगरानी रखने का आदेश दिया गया।
उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं पुलिस प्रशासन को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों के साथ समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया कि सभी प्रमुख चौक-चौराहों, ईदगाहों, मस्जिदों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। सभी थाना प्रभारियों को लगातार गश्ती अभियान चलाने एवं संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया।

त्योहार के दौरान युवाओं द्वारा बाइक पर खतरनाक एवं अनियंत्रित ड्राइविंग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया गया। ऐसे लोगों को चिन्हित कर भारी जुर्माना लगाने तथा वाहनों को तत्काल जब्त करने का आदेश प्रशासन ने दिया है।
उत्पाद विभाग एवं अनुमंडल प्रशासन को निर्देश दिया गया कि बकरीद से तीन दिन पूर्व से ही अवैध शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया जाए। युवाओं में बढ़ते नशे पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि व्हाट्सएप, फेसबुक एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले या भड़काऊ पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई करने का निर्देश सभी थाना प्रभारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को दिया गया।
प्रशासन ने BNSS के तहत असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ बाउंड डाउन की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया। थाना स्तर से अनुमंडल पदाधिकारी न्यायालय को प्रतिवेदन भेजने को कहा गया है।
तीनों नगर निकायों को ईदगाहों, मस्जिदों एवं सार्वजनिक स्थलों के आसपास विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। जलजमाव वाले क्षेत्रों की नालियों को पूर्व से ही साफ करने तथा कचरा निस्तारण वाहनों को सक्रिय रखने को कहा गया।
पेयजल विभाग को निर्बाध जलापूर्ति तथा विद्युत विभाग को लगातार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाएं, चिकित्सक, एम्बुलेंस एवं मेडिकल टीम उपलब्ध रखने का निर्देश दिया। वहीं अग्निशमन विभाग को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फायर टेंडर एवं आवश्यक उपकरणों के साथ मुस्तैद रहने को कहा गया।
जिला नियंत्रण कक्ष को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया है। सभी विभागों के नोडल पदाधिकारियों को मोबाइल फोन लगातार चालू रखने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अनुमंडल एवं थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें 25 तारीख तक अनिवार्य रूप से पूरी कर ली जाएं। इन बैठकों में विभिन्न समुदायों के प्रबुद्ध लोगों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया।
उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह सजग है तथा सभी के सहयोग से बकरीद पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।
बैठक में अपर समाहर्ता गौतम भगत, परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, अनुमंडल पदाधिकारी साहिबगंज अमर जॉन आईन्द, अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल सदानंद महतो, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, थाना प्रभारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।



