भीषण गर्मी से राहत के लिए डालसा का विशेष अभियान।
साहिबगंज में राहगीरों के बीच ओआरएस घोल और शीतल जल का वितरण, लू से बचाव को लेकर किया गया जागरूक।

साहिबगंज ।जिला विधिक सेवा प्राधिकार, की ओर से भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए मंगलवार को विशेष राहत एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज अखिल कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
अभियान की शुरुआत व्यवहार न्यायालय, साहिबगंज के मुख्य द्वार से हुई। इसके अंतर्गत शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड, प्रमुख बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में राहगीरों, मजदूरों तथा जरूरतमंद लोगों के बीच ओआरएस घोल एवं शीतल जल का वितरण किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को भीषण गर्मी, लू एवं डिहाइड्रेशन से बचाव के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें त्वरित राहत उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत ने कहा कि वर्तमान समय में पड़ रही अत्यधिक गर्मी के कारण लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने आमजन से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, तेज धूप से बचने तथा अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल का उपयोग, जल संरक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। अभियान के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने लोगों से बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ख्याल रखने तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने की सलाह दी।

डालसा सचिव ने बताया कि गर्मी के पूरे मौसम में यह राहत एवं जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सके और उन्हें लू के प्रकोप से सुरक्षित रखा जा सके।
इस अभियान के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने न केवल जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने का कार्य किया, बल्कि समाज को स्वास्थ्य सुरक्षा, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक करने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।


