कन्हैया स्थान में 75वां हरिनाम संकीर्तन सह मेला शुरू, विधायक एमटी राजा हुए शामिल।
बुद्ध पूर्णिमा से आरंभ पांच दिवसीय धार्मिक आयोजन में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, भाईचारे और आध्यात्मिकता का दिया संदेश।

साहिबगंज। राजमहल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत राजमहल प्रखंड के कमलैन बगीचा स्थित कन्हैया स्थान गांव में बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर 75वें पांच दिवसीय हरिनाम संकीर्तन सह मेला का भव्य शुभारंभ हुआ। इस धार्मिक आयोजन में राजमहल विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा शामिल हुए और श्रद्धालुओं के साथ संकीर्तन में भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति द्वारा अंगवस्त्र भेंट कर विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। अपने संबोधन में विधायक एमटी राजा ने कहा कि कन्हैया स्थान में वर्षों से आयोजित हो रहा हरिनाम संकीर्तन आस्था, श्रद्धा और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं, जिससे लोगों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में जीवन जीने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य करते हैं, जो अत्यंत सराहनीय है।

इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि सह नगर पंचायत उपाध्यक्ष मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, झामुमो प्रखंड सचिव दुर्गा मंडल, विकास यादव, गोपाल मंडल, सुदर्शन पासवान, कालीचरण मंडल, वासुदेव मंडल सहित कई गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।
पूरे क्षेत्र में संकीर्तन की ध्वनि और भक्तिमय माहौल से उत्सव का वातावरण बना हुआ है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग ले रहे हैं।



