सकरीगली में डे-बोर्डिंग बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के लिए चयन संपन्न, फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र हेतु संभावित सूची जारी।
एन.एस.टी.सी. मानकों के आधार पर खिलाड़ियों की कड़ी परीक्षा, 1 मई को सिद्धो-कान्हु स्टेडियम में अंतिम चयन।

साहिबगंज। खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड, रांची के निर्देशानुसार जिला खेल कार्यालय, साहिबगंज द्वारा +2 बी.डी. उच्च विद्यालय, सकरीगली में संचालित डे-बोर्डिंग बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के रिक्त स्थानों के लिए चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
इस चयन प्रक्रिया में एन.एस.टी.सी. (नेशनल स्पोर्ट्स टैलेंट कॉन्टेस्ट) के मानकों के आधार पर दर्जनों बालकों ने भाग लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। चयन के दौरान खिलाड़ियों की शारीरिक एवं खेल संबंधी दक्षता की गहन जांच की गई, जिसमें वजन, ऊंचाई, 30 मीटर दौड़, बॉल थ्रो, 10×6 शटल रन, 800 मीटर दौड़ एवं स्किल टेस्ट शामिल थे।
चयन प्रक्रिया के दौरान खेल विभाग के वर्ल्ड एथलेटिक्स लेवल-2 प्रशिक्षक योगेश यादव, एनआईएस डिप्लोमा कोच अशोक साहनी, खेल शिक्षक बिरेंद्र कुमार, नीतीश दास एवं पोलूस मरांडी सहित अन्य अधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र के लिए संभावित सूची जारी
आवासीय बालक फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र हेतु चयनित खिलाड़ियों की संभावित सूची भी जारी कर दी गई है। इस सूची में शामिल 40 खिलाड़ियों को आगामी 01 मई को दोपहर 12:00 बजे तक सिद्धो-कान्हु स्टेडियम, साहिबगंज में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
अंतिम चयन प्रक्रिया के तहत प्रशिक्षकों द्वारा 40 खिलाड़ियों में से 25 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जबकि 07 खिलाड़ियों को प्रतीक्षारत सूची में रखा जाएगा।
यह चयन प्रक्रिया जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।



