Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

रविन्द्र भवन टाउन हॉल, पाकुड़ में निवर्तमान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक को भावभीनी विदाई।

प्रशासनिक, न्यायिक व पुलिस अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हुआ सम्मान समारोह, नए दायित्वों के लिए दी गई शुभकामनाएं।

पाकुड़। रविन्द्र भवन टाउन हॉल, पाकुड़ में निवर्तमान उपायुक्त मनीष कुमार एवं निवर्तमान पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के सम्मान में भव्य विदाई सह स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के प्रशासनिक, न्यायिक एवं पुलिस पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने दोनों अधिकारियों के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके योगदान को याद किया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि निवर्तमान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के कार्यकाल में जिले की विधि-व्यवस्था सुदृढ़ रही और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए जिले में शांति एवं भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।

फैमिली जज ने अपने संबोधन में कहा कि अपने न्यायिक सेवा जीवन में यह पहला अवसर है जब वे किसी उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के विदाई समारोह में शामिल हुए हैं। उन्होंने दोनों पदाधिकारियों के व्यक्तित्व, कार्यशैली एवं संवेदनशील नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए इसे एक विशेष अनुभव बताया।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि अल्प समय में ही जिले में प्रशासनिक, पुलिस एवं न्यायिक पदाधिकारियों के बीच उत्कृष्ट समन्वय स्थापित हुआ, जो उनके लंबे अनुभव में अत्यंत दुर्लभ रहा है। उन्होंने दोनों अधिकारियों के कार्यों एवं मानवीय मूल्यों की सराहना की।

निवर्तमान पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि पाकुड़ उनके लिए हमेशा एक यादगार पड़ाव रहेगा। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने यह भी कहा कि जिले में एक मजबूत एवं तकनीकी रूप से सक्षम टीम का निर्माण किया गया है, जो भविष्य में भी उत्कृष्ट कार्य करती रहेगी।

निवर्तमान उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि स्थानांतरण सेवा का एक सामान्य हिस्सा है, लेकिन पाकुड़ से उनका जुड़ाव हमेशा विशेष रहेगा। उन्होंने जिले की उपलब्धियों का श्रेय पूरी टीम को देते हुए कहा कि आपसी समन्वय, सम्मान एवं समर्पण की भावना से ही सभी कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुए।

उन्होंने एसडीपीओ, थाना प्रभारियों, पुलिस बल, चौकीदारों एवं होमगार्ड के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सभी ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही उन्होंने विधानसभा आम चुनाव, नगरपालिका चुनाव, रामनवमी, मुहर्रम, ईद, दुर्गापूजा, क्रिसमस एवं सोहराय जैसे संवेदनशील अवसरों पर टीम की तत्परता और जिम्मेदारी की विशेष सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा निवर्तमान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक को भावभीनी विदाई दी गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!