राजमहल विधायक एम.टी. राजा ने सिद्धो कान्हू की जयंती पर अर्पित की श्रद्धांजलि, कहा ‘हूल क्रांति आज भी प्रेरणा का स्रोत’

राजमहल साहिबगंज।राजमहल विधानसभा क्षेत्र के विधायक मोo ताजुद्दीन उर्फ एम.टी. राजा ने संथाल हूल के महानायक अमर शहीद वीर सिद्धो–कान्हू की जयंती के अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया और उनके अद्वितीय योगदान को याद किया।
विधायक एम.टी. राजा ने कहा कि सिद्धो–कान्हू केवल एक नाम नहीं, बल्कि अन्याय, शोषण और अत्याचार के विरुद्ध अडिग साहस, संघर्ष और स्वाभिमान के जीवंत प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा शुरू किया गया “हूल आंदोलन” भारतीय इतिहास में जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए एक ऐतिहासिक क्रांति के रूप में दर्ज है।
उन्होंने आगे कहा कि यह पावन दिवस हमें उनके द्वारा दिखाए गए हूल के मार्ग और मातृभूमि के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है। हम सभी उनके चरणों में कोटि-कोटि नमन करते हैं और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लेते हैं।
विधायक ने कहा कि अमर शहीद सिद्धो–कान्हू का जीवन अत्यंत संघर्षपूर्ण रहा, लेकिन उनका उद्देश्य स्पष्ट था—जल, जंगल और जमीन की रक्षा करना तथा आदिवासी समाज के अधिकारों एवं सम्मान की स्थापना करना। उनके नेतृत्व में चले आंदोलन ने शोषित और वंचित समाज को नई चेतना और दिशा प्रदान की।
उन्होंने यह भी कहा कि आज का विकसित झारखंड का सपना इन्हीं वीर शहीदों के बलिदान की मजबूत नींव पर टिका हुआ है। सिद्धो–कान्हू की वीरता, त्याग और संघर्ष हमें एक शोषण-मुक्त, समानता आधारित और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण की प्रेरणा देता है।
अंत में विधायक एम.टी. राजा ने प्रदेश के युवाओं से अपील की कि वे सिद्धो–कान्हू जैसे महानायकों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि उनका सपना साकार हो सके।


