झारखंड

गोलीकांड मामले में राजमहल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार।

एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल ने की त्वरित कार्रवाई, गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल थाना क्षेत्र के मंगलहाट स्थित टिक्कट टोला में युवती गौरी कुमारी को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। शनिवार, को राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी।

एसडीपीओ ने बताया कि 19 नवंबर 2026 की संध्या राजमहल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मंगलहाट के टिक्कट टोला में गौरी कुमारी, पिता केदार मंडल, गोली लगने से घायल हो गई हैं। सूचना से वरीय पुलिस पदाधिकारियों को अवगत कराया गया। साहिबगंज पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह के निर्देश पर मामले का सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई करने के लिए एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

इस संबंध में राजमहल थाना कांड संख्या 422/26, दिनांक 19.11.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 109(1)/3(5) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 27 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

मामले में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए गठित छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 नवंबर 2026 को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में किशन मंडल, पिता सुरेश मंडल; मनीष मंडल, पिता निधिर मंडल; तथा भोलू प्रमाणिक, पिता लखी प्रमाणिक, सभी निवासी मलाही टोला, मंगलहाट, थाना राजमहल, जिला साहिबगंज हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बरामद हथियारों के संबंध में राजमहल थाना कांड संख्या 424/26, दिनांक 21.11.2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a/26/35 के अंतर्गत अलग से मामला दर्ज किया गया है।

एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों को 21 नवंबर 2026 को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। फिलहाल मामले का अनुसंधान जारी है।

इस विशेष छापामारी दल में पुलिस निरीक्षक प्रभाग राजीव रंजन, तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय, तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव भगत, राजमहल थाना के पवन कुमार, अनिल कुमार, रवि शंकर झा एवं नंद कुमार यादव सहित रिजर्व गार्ड के जवान और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!