जिला स्तरीय राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2027 का डीएवी पब्लिक स्कूल, पाकुड़ में भव्य आयोजन, युवाओं ने दिखाई प्रतिभा।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने युवाओं को नशे से दूर रहने, सोशल मीडिया का रचनात्मक उपयोग करने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश; लोक नृत्य, लोकगीत, कविता लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेता हुए सम्मानित।

पाकुड़। खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड, रांची तथा जिला प्रशासन, पाकुड़ के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को डीएवी पब्लिक स्कूल, पाकुड़ में जिला स्तरीय राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2027 का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मेघा भारद्वाज, जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पूर्ति, जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार, विद्यालय के प्राचार्य एवं विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
महोत्सव के दौरान युवाओं की प्रतिभा एवं रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सामूहिक लोक नृत्य, सामूहिक लोकगीत, कविता लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कला और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा एवं रचनात्मक क्षमता राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने भविष्य के निर्माण पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के जीवन को प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर कर देता है। जरूरतमंद युवाओं को नशा मुक्ति के लिए उचित सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना भी आवश्यक है।
उपायुक्त ने सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग और दिखावे की संस्कृति से बचने की अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली हर चीज वास्तविक जीवन का प्रतिबिंब नहीं होती। युवाओं को दूसरों से अपनी तुलना करने के बजाय अपनी क्षमता, रुचि एवं लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। सोशल मीडिया का उपयोग मनोरंजन के साथ-साथ ज्ञानवर्धक एवं रचनात्मक गतिविधियों के लिए भी किया जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से माता-पिता एवं शिक्षकों का सम्मान करने तथा ईमानदारी, मेहनत और अनुशासन जैसे मानवीय मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा का दायित्व है कि वह अपने परिवार, समाज एवं देश की प्रगति में योगदान दे। युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानकर दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

महोत्सव के अंतर्गत जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। प्रमंडल स्तर के विजेता राज्य स्तरीय तथा राज्य स्तर के प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सामूहिक लोक नृत्य प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, पाकुड़ ने प्रथम, रानी ज्योतिर्मय विद्यालय ने द्वितीय तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, हिरणपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

सामूहिक लोकगीत प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल, पाकुड़ प्रथम, रानी ज्योतिर्मय विद्यालय, पाकुड़ द्वितीय तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, पाकुड़ तृतीय स्थान पर रहा।
कविता लेखन प्रतियोगिता में स्वस्तिका रानी ने प्रथम, अंकिता सरकार ने द्वितीय तथा आहोना बनर्जी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, चित्रकला प्रतियोगिता में हर्ष राज प्रथम, तान्या सिंह द्वितीय तथा अर्पिता कर्मकार तृतीय स्थान पर रहीं।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रतिभा एवं रचनात्मकता की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने और जिले तथा राज्य का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
इस सफल आयोजन में महिला कॉलेज, राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस माय भारत तथा जिला प्रशासन के खेल विभाग का महत्वपूर्ण योगदान रहा। महोत्सव के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।




