झारखंड

गंगा उत्सव 2026 के तहत सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (गर्ल्स) में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित।

छात्राओं ने चित्रों के माध्यम से दिया गंगा संरक्षण एवं पर्यावरण स्वच्छता का संदेश, गंगा डॉल्फिन के संरक्षण को लेकर भी किया गया जागरूक।

साहिबगंज। गंगा उत्सव 2026 के अवसर पर नमामि गंगे परियोजना के तत्वावधान में सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (गर्ल्स), साहिबगंज में चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिता के साथ पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कलाकृतियों के माध्यम से गंगा संरक्षण, नदी की स्वच्छता, पर्यावरण सुरक्षा एवं जलीय जैव विविधता का संदेश दिया।

चित्रकला प्रतियोगिता में छात्राओं ने गंगा नदी की स्वच्छता, जलीय जीवों के संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के महत्व और स्वच्छ पर्यावरण जैसे विषयों को आकर्षक चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर जिला परियोजना पदाधिकारी, नमामि गंगे अमित मिश्रा ने गंगा नदी के पारिस्थितिक महत्व, नदी के स्वास्थ्य एवं संकटग्रस्त गंगा डॉल्फिन के संरक्षण पर जागरूकता प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि गंगा डॉल्फिन भारत का राष्ट्रीय जलीय जीव है और गंगा के पारिस्थितिक तंत्र में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने छात्राओं को नदी प्रदूषण के दुष्परिणाम, प्लास्टिक कचरे के उचित निस्तारण तथा जलीय जीवों के प्राकृतिक आवास के संरक्षण की जानकारी दी। साथ ही कहा कि गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्या सीमा कुमारी ने कहा कि विद्यार्थियों में पर्यावरण एवं नदी संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना समय की आवश्यकता है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और उन्हें दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।

वहीं, कार्यक्रम की प्रभारी शिक्षिका मेहनाज तबस्सुम ने कहा कि गंगा हमारी प्राकृतिक, सांस्कृतिक एवं पारिस्थितिक धरोहर है। इसके संरक्षण के लिए जागरूकता के साथ-साथ व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना भी जरूरी है। विद्यार्थियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है।

कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं ने गंगा नदी को स्वच्छ रखने, नदियों में कचरा नहीं डालने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा जलीय जीवों एवं प्राकृतिक पर्यावरण के संरक्षण में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!