जिला अनुकम्पा समिति की बैठक में 20 मामलों की हुई समीक्षा, उपायुक्त ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
अनुकम्पा के आधार पर नियुक्ति से जुड़े मामलों में पात्रता एवं अभिलेखों की हुई जांच, संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश।

साहिबगंज। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला अनुकम्पा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुकम्पा के आधार पर नियुक्ति से संबंधित कुल 20 मामलों को समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिनकी बारी-बारी से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने प्रत्येक मामले से संबंधित अभिलेखों, आवेदकों की पात्रता तथा निर्धारित नियमों और प्रावधानों के अनुरूप मामलों की गहन जांच की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से मामलों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक प्रक्रियाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अनुकम्पा नियुक्ति से संबंधित सभी मामलों का नियमानुसार परीक्षण किया जाए तथा आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करते हुए उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभिलेखों की जांच और प्रक्रियागत कार्रवाई में गंभीरता एवं पारदर्शिता बरतने का भी निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, अपर समाहर्ता विजय कुमार, परियोजना निदेशक, आईटीडीए संजय कुमार दास, जिला शिक्षा पदाधिकारी नयन कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक उर्मिला हांसदा, जिला पशुपालन पदाधिकारी, स्थापना उप समाहर्ता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।




