दीपावली पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने वृद्धाश्रम एवं चिल्ड्रेन होम में बांटी खुशियां।
वृद्धजनों और बच्चों के बीच फल एवं मिठाइयों का किया वितरण, सचिव विश्वनाथ भगत ने कहा—आप अकेले नहीं हैं, जिला विधिक सेवा प्राधिकार हमेशा आपके साथ है।

साहिबगंज। दीपावली के पावन अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज की ओर से स्नेह स्पर्श वृद्धाश्रम एवं चिल्ड्रेन होम में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर खुशियां बांटी गईं। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज सुभाष के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में वृद्धजनों एवं बच्चों के बीच फल और मिठाइयों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से आत्मीयता के साथ मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। वहीं, चिल्ड्रेन होम के बच्चों के साथ समय बिताकर उन्हें स्नेह और अपनत्व का एहसास कराया।

वृद्धजनों को संबोधित करते हुए सचिव विश्वनाथ भगत ने कहा कि वे स्वयं को कभी अकेला या उपेक्षित महसूस न करें। जिला विधिक सेवा प्राधिकार हमेशा उनके साथ है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान करना और उनके सुख-दुःख में सहभागी बनना समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। माता-पिता और बुजुर्गों का स्थान जीवन में सर्वोच्च होता है।
वहीं, बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्हें शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना समाज की जिम्मेदारी है। बच्चों को कठिन परिस्थितियों से निराश हुए बिना शिक्षा और मेहनत के बल पर अपने सपनों को साकार करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने सभी बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दीपावली के पावन पर्व पर जरूरतमंद एवं विशेष देखभाल की आवश्यकता वाले लोगों के बीच खुशियां बांटना और उनमें अपनत्व की भावना विकसित करना था। इस पहल के माध्यम से संदेश दिया गया कि त्योहारों की असली खुशी तभी है, जब समाज का हर व्यक्ति खुशियों में शामिल हो और कोई भी स्वयं को अकेला या उपेक्षित महसूस न करे।


