विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत घर-घर पहुंचकर मतदाता सूची का सत्यापन।
मांडरो प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 70, 71 एवं 75 का जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने किया निरीक्षण, मतदाता सूची में शुद्धता एवं पारदर्शिता बनाए रखने का दिया निर्देश।

मांडरो साहिबगंज। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत मांडरो प्रखंड में घर-घर जाकर मतदाता सूची के सत्यापन कार्य का निरीक्षण किया गया। इस क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दीपक कुमार दूबे एवं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 02-बोरियो अ०ज०जा०-सह-अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द ने प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 70, 71 एवं 75 का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान पदाधिकारियों ने घर-घर जाकर संचालित मतदाता सूची सत्यापन (Home to Roll Verification) कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित मतदान केंद्रों के मतदाताओं की जानकारी प्राप्त की तथा मतदाता सूची में दर्ज नामों एवं अन्य विवरणों का अवलोकन कर उनकी शुद्धता की जांच की।

इस दौरान अधिकारियों ने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सही तरीके से दर्ज हों। साथ ही नाम एवं अन्य विवरणों में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे और पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने की प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी की जाए।
पदाधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाए रखने के लिए सत्यापन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।




