झारखंड

18 नवंबर की रात से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे झारखंड के 108 एम्बुलेंस कर्मचारी।

लंबित वेतन और अन्य मांगों को लेकर एनएचएम कार्यालय के समक्ष करेंगे धरना-प्रदर्शन, सरकार के आश्वासन पूरे नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी।

साहिबगंज। झारखंड में 108 एम्बुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर एक बार फिर आंदोलन की राह पर हैं। झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ ने 18 नवंबर 2026 की रात्रि 8 बजे से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया है। इस दौरान राज्यभर के 108 एम्बुलेंस कर्मचारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एनएचएम, झारखंड कार्यालय के समक्ष एकत्रित होकर धरना-प्रदर्शन करेंगे। संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक कर्मचारियों की सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

संघ के जिला अध्यक्ष रोहित रंजन ने बताया कि कर्मचारियों का अगस्त से अक्टूबर 2026 तक का वेतन लंबित है। इसके अलावा फरवरी 2025 से अब तक की गई कथित मनमानी वेतन कटौती की जांच कर बकाया राशि वापस करने, संदिग्ध वेतन भुगतान दस्तावेजों की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा खराब एम्बुलेंस के नाम पर सरकारी राशि के भुगतान जैसे मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कर्मचारियों पर फर्जी केस आईडी बनाने और एम्बुलेंस की मरम्मत के लिए अपनी निजी राशि खर्च करने का दबाव बनाया जाता है।

रोहित रंजन ने कहा कि संघ पूर्व में भी कई बार आंदोलन कर चुका है, लेकिन हर बार स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और सरकार की ओर से आश्वासन देकर आंदोलन स्थगित करा दिया जाता है। पूर्व में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के साथ हुई वार्ता में छठ पूजा तक मांगों का समाधान करने का भरोसा दिया गया था। इसी आश्वासन पर संघ ने आंदोलन स्थगित किया था, लेकिन समय सीमा बीतने के बाद भी न तो लंबित वेतन का भुगतान हुआ और न ही अन्य समस्याओं का समाधान किया गया।

संघ का कहना है कि अब कर्मचारी केवल आश्वासनों के भरोसे आंदोलन वापस नहीं लेंगे। सरकार को अपनी घोषणाओं को धरातल पर उतारना होगा और कर्मचारियों की समस्याओं का ठोस समाधान करना होगा। मांगें पूरी होने तथा कर्मचारियों को न्याय मिलने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।

आंदोलन की रणनीति तैयार करने और इसे सफल बनाने के लिए संघ ने प्रदेश स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में 18 नवंबर 2026 को रांची के धुर्वा स्थित भारतीय मजदूर संघ कार्यालय में राज्य के सभी जिलों के जिला अध्यक्षों एवं सचिवों की बैठक बुलाई गई है। बैठक में आंदोलन की रूपरेखा, कर्मचारियों की भागीदारी और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। संघ ने राज्यभर के सभी 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों से एकजुट होकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!