झारखंड

सूर्यदेव घाट पर विधायक ने किया भव्य आतिशबाजी कार्यक्रम का उद्घाटन।

रंग-बिरंगी आतिशबाजी से जगमगाया आसमान, देर रात तक खूबसूरत नजारा देखने उमड़ी रही लोगों की भीड़।

राजमहल साहिबगंज। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर सूर्यदेव घाट छठ पूजा समिति की ओर से भव्य आतिशबाजी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा, विधायक प्रतिनिधि सह नगर पंचायत उपाध्यक्ष मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो, कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन, समाजसेवी उज्ज्वल मंडल एवं प्रदीप प्रमाणिक ने संयुक्त रूप से किया।

इस दौरान अतिथियों ने आतिशबाजी कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए समिति के आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान आसमान में एक के बाद एक रंग-बिरंगी आतिशबाजी की गई। रंगीन रोशनी और आकर्षक नजारों से पूरा आसमान जगमगा उठा। इस मनमोहक दृश्य को देखने के लिए सूर्यदेव घाट एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय लोग, बच्चे और युवा जुटे। आतिशबाजी शुरू होते ही लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई लोग इस खूबसूरत नजारे को अपने मोबाइल फोन में कैद करते नजर आए।

मौके पर विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता और लोक संस्कृति का प्रतीक है। यह पर्व समाज में प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देता है। सूर्यदेव घाट छठ पूजा समिति की ओर से आयोजित यह आतिशबाजी कार्यक्रम पर्व की खुशियों को और बढ़ाने वाला है। उन्होंने समिति के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द को मजबूत करते हैं। साथ ही उन्होंने छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

छठ महापर्व के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम से सूर्यदेव घाट का माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया। पारंपरिक आस्था और उल्लास के बीच रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में देव दत्ता, डॉ. ओमजय कुमार, विट्टू शर्मा सहित समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!