झारखंड

राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर साहिबगंज लौटे एमानुएल किस्कू, उपायुक्त ने किया सम्मानित।

80 मीटर हर्डल्स स्पर्धा में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाकर बढ़ाया जिले का गौरव, उपायुक्त ने खेल किट प्रदान कर उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं।

साहिबगंज। 41वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 80 मीटर हर्डल्स स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने और नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित करने वाले साहिबगंज के होनहार खिलाड़ी एमानुएल किस्कू के जिले लौटने पर जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया। समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे ने एमानुएल को अंगवस्त्र एवं खेल सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया।

उल्लेखनीय है कि 23 से 27 अक्टूबर 2026 तक तमिलनाडु के चेन्नई स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 41वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप आयोजित की गई थी। इसमें खेल विभाग, झारखंड सरकार एवं जिला प्रशासन साहिबगंज द्वारा सिद्धो-कान्हू स्टेडियम में संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षु तथा राजस्थान इंटर विद्यालय के छात्र एमानुएल किस्कू ने 80 मीटर हर्डल्स स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।

एमानुएल ने प्रतियोगिता में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर दो दिनों के भीतर तीन बार राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने हिट मुकाबले में 11.17 सेकेंड, सेमीफाइनल में 11.22 सेकेंड और फाइनल में 10.10 सेकेंड का समय दर्ज किया। इसके साथ ही उन्होंने 11 अक्टूबर 2025 को भुवनेश्वर में आयोजित 40वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में बिहार के रोहित राज द्वारा बनाए गए 10.28 सेकेंड के राष्ट्रीय रिकॉर्ड को पीछे छोड़कर नया कीर्तिमान स्थापित किया।

इस उपलब्धि पर उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने एमानुएल को ट्रैक सूट, टी-शर्ट, बनियान, जूते, बैग सहित अन्य आवश्यक खेल सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ी को बधाई देते हुए कहा कि साहिबगंज जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जिला प्रशासन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने, उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए उचित मंच प्रदान करने हेतु निरंतर प्रयासरत है।

इस अवसर पर एमानुएल के कोच एवं राज्य एथलेटिक्स टीम के प्रशिक्षक योगेश यादव को भी अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मौके पर जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार, जिला खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी सहित अन्य उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!