साहिबगंज में अस्मिता सिटी लीग का भव्य आगाज़, महिलाओं की खेलों में बढ़ती भागीदारी पर जोर।
अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत ने किया उद्घाटन, चेस और कुश्ती में प्रतिभागियों ने दिखाया दम।

साहिबगंज जिले में महिलाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से दो दिवसीय जिला स्तरीय अस्मिता सिटी लीग खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ बड़े उत्साह के साथ किया गया। यह आयोजन खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन, साहिबगंज द्वारा 24 एवं 25 अप्रैल को आयोजित किया जा रहा है।
फूलो-झानो इंडोर स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बालिकाएं पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय रूप से भाग लें। राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन खिलाड़ियों को प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहन देने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि एथलेटिक्स, कुश्ती, कबड्डी सहित विभिन्न खेलों में हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है और बालिकाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।

कार्यक्रम में जिला खेल पदाधिकारी कुमार हर्ष ने स्वागत भाषण दिया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी, दिलीप कुमार भगत एवं चेस समन्वयकों व खेल शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पहले दिन के प्रमुख परिणाम, चेस प्रतियोगिता अंडर-12 बालिका वर्ग, प्रथम कृति कुमारी, द्वितीय पलक कुमारी, तृतीय पूर्णिमा गुप्ता
अंडर-14 बालिका वर्ग, प्रथम आयशा राजा, द्वितीय सोहानी, तृतीय समीक्षा

अंडर-19 बालिका वर्ग, प्रथम सुहानी कुमारी, द्वितीय मेघा, तृतीय नेहा
कुश्ती प्रतियोगिता (बालिका) अंडर-14 वर्ग, 33 किग्रा रानी कुमारी (प्रथम), सोमी कुमारी (द्वितीय), 36 किग्रा प्रतिज्ञा कुमारी (प्रथम), दिव्यांशी कुमारी (द्वितीय), 39 किग्रा आर्या कुमारी (प्रथम), संजना कुमारी (द्वितीय), 42 किग्रा सीता कुमारी (प्रथम), खुशी कुमारी (द्वितीय), 48 किग्रा छोटी कुमारी (प्रथम), काजल कुमारी (द्वितीय)
अंडर-17 वर्ग, 53 किग्रा श्रुति कुमारी (प्रथम), 40 किग्रा मुस्कान कुमारी (प्रथम), विजेता प्रतिभागियों को जिला खेल पदाधिकारी कुमार हर्ष द्वारा मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन प्रातः 6:00 बजे से सिदो कान्हु स्टेडियम में एथलेटिक्स एवं कबड्डी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
एथलेटिक्स में 100 मीटर, 200 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद एवं शॉटपुट जैसे स्पर्धाएं होंगी, वहीं कबड्डी प्रतियोगिता अंडर-14, 17 एवं 19 आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए आयोजित की जाएगी।
इस आयोजन के माध्यम से जिले में बालिकाओं के खेलों के प्रति रुझान को बढ़ावा देने के साथ-साथ उन्हें अपने प्रतिभा प्रदर्शन का एक सशक्त मंच प्रदान किया जा रहा है।




