वेस्ट-टू-वंडर पार्क के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को स्वच्छता का संदेश।
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत विद्यार्थियों को कचरा प्रबंधन, पुनर्चक्रण, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं गंगा संरक्षण के प्रति किया गया जागरूक।

साहिबगंज। स्वच्छ भारत मिशन (SBM), PHED, साहिबगंज के नेतृत्व में नमामि गंगे, नगर परिषद साहिबगंज एवं पर्यटन विभाग के समन्वय से स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों का वेस्ट-टू-वंडर पार्क, साहिबगंज का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को कचरा प्रबंधन, कचरे के पृथक्करण, पुनः उपयोग एवं पुनर्चक्रण के महत्व की जानकारी दी गई। पार्क में अनुपयोगी एवं त्यागी गई सामग्रियों से तैयार विभिन्न कलाकृतियों के माध्यम से विद्यार्थियों को बताया गया कि उचित प्रबंधन और रचनात्मक सोच के जरिए कचरे को उपयोगी एवं आकर्षक स्वरूप दिया जा सकता है।
विद्यार्थियों को अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों में गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही व्यक्तिगत स्वास्थ्य एवं मासिक धर्म स्वच्छता के संबंध में भी आवश्यक जागरूकता प्रदान की गई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि नगर में उत्पन्न कचरे का उचित निस्तारण नहीं होने पर उसका प्रभाव नालों और जलस्रोतों के माध्यम से गंगा नदी तथा जलीय पारिस्थितिकी तंत्र पर पड़ सकता है। इस दौरान गंगा संरक्षण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के बीच महत्वपूर्ण संबंध को भी समझाया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं गंगा संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें परिवार और समुदाय में स्वच्छता का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित करना रहा। विद्यार्थियों ने स्वच्छता को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि दैनिक जीवन की जिम्मेदारी बनाने का संदेश ग्रहण किया।




