3री सब-जूनियर झारखंड राज्य स्तरीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए 35 सदस्यीय जिला टीम धनबाद रवाना।
चयनित एथलीट पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पटना में दिखाएंगे दमखम।

साहिबगंज। आगामी 21 एवं 22 अगस्त 2026 को स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, धनबाद में आयोजित होने वाली 3री सब-जूनियर झारखंड राज्य स्तरीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए साहिबगंज जिले की 35 सदस्यीय एथलेटिक्स टीम धनबाद के लिए रवाना हो गई। जिले के खेल विभाग द्वारा संचालित आवासीय बालक, डे-बोर्डिंग बालक एवं बालिका एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को जिला टीम में शामिल किया गया है।
जिला टीम कोच योगेश यादव, अशोक साहनी एवं निमाई चौधरी के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने धनबाद के लिए प्रस्थान किया। प्रतियोगिता में जिले के युवा एथलीट विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे तथा बेहतर प्रदर्शन के माध्यम से जिले और राज्य का नाम रोशन करने का प्रयास करेंगे।
यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी खेल प्रतिभा को राज्य स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता, पटना के लिए किया जाएगा। ऐसे में साहिबगंज के खिलाड़ियों से भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
जिला टीम के रवाना होने के अवसर पर उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा एवं जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार सहित जिले के खेलप्रेमियों और जिलेवासियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रतियोगिता में पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने की शुभकामना दी।
जिले के खेल विभाग एवं प्रशिक्षण केंद्रों की ओर से खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए आवश्यक तैयारियां कराई गई हैं। खिलाड़ियों की मेहनत और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से टीम को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। जिलेवासियों को विश्वास है कि साहिबगंज के ये होनहार एथलीट धनबाद में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम गौरवान्वित करेंगे और पूर्वी क्षेत्र स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह सुनिश्चित करेंगे।




