राजस्व एवं भू-अर्जन कार्यों में तेजी लाएं, लंबित म्यूटेशन मामलों का प्राथमिकता से करें निष्पादन : उपायुक्त।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने राजस्व संग्रहण में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति के लिए कार्ययोजना बनाने का दिया निर्देश।

पाकुड़। उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में बुधवार को गूगल मीट के माध्यम से राजस्व एवं भू-अर्जन से संबंधित कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व संग्रहण, भू-अर्जन, म्यूटेशन, लंबित मामलों तथा विभिन्न विभागों के निर्धारित राजस्व लक्ष्य और अब तक की उपलब्धि की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को राजस्व संग्रहण में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रहण सरकार के महत्वपूर्ण कार्यों में से एक है। इसलिए सभी विभाग अपने-अपने राजस्व स्रोतों की नियमित समीक्षा करते हुए संग्रहण बढ़ाने के लिए प्रभावी कदम उठाएं।
उपायुक्त ने बकाया राशि की वसूली के लिए नियमानुसार नोटिस जारी करने तथा आवश्यकता पड़ने पर सार्वजनिक नोटिस प्रकाशित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बकायेदारों को निर्धारित राशि जमा करने के संबंध में स्पष्ट रूप से सूचित किया जाए तथा तय प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने कहा कि विभाग केवल राजस्व संग्रहण के पारंपरिक स्रोतों तक सीमित न रहें, बल्कि राजस्व के नए एवं प्रभावी स्रोत विकसित करने की संभावनाओं पर भी विचार करें। उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि राजस्व बढ़ाने से संबंधित कोई व्यावहारिक सुझाव अथवा नई पहल की संभावना होने पर उसका प्रस्ताव उपलब्ध कराया जाए, ताकि उस पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक के दौरान प्रखंड एवं अंचलवार म्यूटेशन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन म्यूटेशन मामलों में दस्तावेज एवं प्रक्रिया स्पष्ट है, उनका प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन किया जाए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर आवश्यक समन्वय स्थापित करने तथा कार्यों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। लंबित मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं हो, इसे लेकर भी अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया।
बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभाग के निर्धारित राजस्व लक्ष्य एवं अब तक की उपलब्धि से उपायुक्त को अवगत कराया। उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को राजस्व लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करने और नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए विभागीय स्तर पर लगातार निगरानी एवं प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है। सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए राजस्व संग्रहण एवं लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाएं।
बैठक में अपर समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित नगर परिषद एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी गूगल मीट के माध्यम से उपस्थित रहे।




