फाइलेरिया प्रभावित दिव्यांगजनों को मिली ट्राइसाइकिल, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ा महत्वपूर्ण कदम।
राजमहल अनुमंडल अस्पताल में विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू ने किया ट्राइसाइकिल का वितरण, फाइलेरिया उन्मूलन के लिए जनसहभागिता बढ़ाने पर जोर।

राजमहल साहिबगंज। साहिबगंज जिले के राजमहल अनुमंडल अस्पताल में शुक्रवार को फाइलेरिया यानी हाथीपांव से प्रभावित दिव्यांगजनों के बीच ट्राइसाइकिल का वितरण किया गया। चलने-फिरने में गंभीर कठिनाइयों का सामना कर रहे लाभार्थियों को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की इस पहल का उद्देश्य उनके दैनिक जीवन को अधिक सुगम, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान राजमहल विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू ने लाभार्थियों के बीच ट्राइसाइकिल का वितरण किया। ट्राइसाइकिल मिलने से लाभार्थियों में खुशी देखी गई। इस पहल को फाइलेरिया प्रभावित लोगों के लिए आवागमन को आसान बनाने तथा उन्हें आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में आगे बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
कार्यक्रम में राजमहल सीएचसी के उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू, बीपीएम अमित कुमार, केटीएस डेनियल किस्कू, मनीष, पिरामल फाउंडेशन के सीनियर प्रोग्राम लीड श्रवण कुमार झा, प्रोग्राम मैनेजर ऐमन दास एवं प्रोग्राम ऑफिसर श्रीकांत पंडित सहित स्वास्थ्य विभाग एवं पिरामल फाउंडेशन के अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि फाइलेरिया केवल एक बीमारी नहीं है, बल्कि समय पर उपचार और बचाव के अभाव में यह व्यक्ति के जीवन की गुणवत्ता को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकती है। फाइलेरिया उन्मूलन के लिए समुदाय की सक्रिय भागीदारी और समय पर उपचार बेहद जरूरी है।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि सामूहिक दवा सेवन (MDA) अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली फाइलेरिया रोधी दवाओं का सभी पात्र व्यक्ति सेवन अवश्य करें। साथ ही मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए घर और आसपास साफ-सफाई रखने, जलजमाव नहीं होने देने तथा नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करने की अपील की गई।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को जागरूक करते हुए कहा गया कि यदि किसी व्यक्ति के हाथ, पैर या अंडकोष में असामान्य सूजन दिखाई देती है, तो बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचकर जांच और आवश्यक उपचार कराएं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं अन्य लोगों ने फाइलेरिया मुक्त साहिबगंज के निर्माण के लिए जनसहभागिता बढ़ाने तथा जिले के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प लिया।




