पाकुड़ में जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा 2025 शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न, उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण।
15 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित, कदाचार रोकने के लिए सख्त निगरानी और व्यापक व्यवस्था।

पाकुड़। झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2025 जिले में शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं कदाचार-मुक्त वातावरण में संपन्न हो रही है। पूरे जिले में कुल 15 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है।
परीक्षा के निष्पक्ष एवं सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने डॉन पब्लिक स्कूल, के.के.एम. कॉलेज तथा पाकुड़ राज +2 विद्यालय जैसे प्रमुख केंद्रों का दौरा किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की नकलबाजी, अनुचित साधनों या इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा पर्याप्त बेंच-डेस्क की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है।

जिला प्रशासन की सतर्कता एवं सुदृढ़ व्यवस्थाओं के कारण परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो रही है।




