Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर नवनिर्मित प्रतिमा का भव्य अनावरण।

साहिबगंज में श्रद्धा और सम्मान का ऐतिहासिक क्षण, मंत्री दीपक बिरुवा समेत जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि।

साहिबगंज। पद्म भूषण से अलंकृत एवं झारखंड आंदोलन के महानायक दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर बुधवार को साहिबगंज में श्रद्धा, सम्मान और गौरव का ऐतिहासिक क्षण साकार हुआ। इस अवसर पर झारखंड सरकार के राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार तथा परिवहन विभाग के मंत्री दीपक बिरुवा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने स्थानीय साक्षरता चौक एवं समाहरणालय परिसर के समीप स्थापित दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की नवनिर्मित प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया।

प्रतिमा के अनावरण के उपरांत उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने दिशोम गुरु की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान झारखंड राज्य के निर्माण, आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय तथा वंचित एवं शोषित वर्गों के उत्थान के लिए उनके आजीवन संघर्ष और अतुलनीय योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।

कार्यक्रम स्थल पर पूरा वातावरण श्रद्धा एवं सम्मान से ओत-प्रोत रहा। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने महान जननायक को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।

इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने कहा कि दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन का जीवन संघर्ष, त्याग, सामाजिक न्याय और जनहित के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। झारखंड के निर्माण एवं यहां के आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों के लिए उनके संघर्ष को सदैव याद किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने दिशोम गुरु के आदर्शों एवं विचारों को आगे बढ़ाने, समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने तथा झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक, सामाजिक एवं जनजातीय विरासत को संरक्षित और सशक्त बनाने का सामूहिक संकल्प दोहराया।

नवनिर्मित प्रतिमा का अनावरण साहिबगंज की धरती पर दिशोम गुरु के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का स्थायी प्रतीक बन गया। इस अवसर ने उपस्थित लोगों को उनके संघर्ष, विचारों और जनसेवा के आदर्शों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!