विश्व आदिवासी दिवस 2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक।
जनजातीय संस्कृति, परंपरा और विरासत के भव्य प्रदर्शन के साथ व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश।

पाकुड़। विश्व आदिवासी दिवस 2026 के अवसर पर जिले में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को सफल, गरिमामय एवं सुव्यवस्थित बनाने को लेकर समाहरणालय सभागार में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परियोजना निदेशक, आईटीडीए अरुण कुमार एक्का ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम, शिल्प प्रदर्शनी, स्वदेशी खाद्य उत्सव, जन-जागरूकता अभियान, सम्मान समारोह तथा विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

परियोजना निदेशक ने निर्देश दिया कि कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों, सांस्कृतिक दलों एवं स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। जनजातीय लोकनृत्य, पारंपरिक संगीत, लोककला, हस्तशिल्प एवं स्थानीय व्यंजनों के माध्यम से जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाए।उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने तथा जनजातीय विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया गया। सभी संबंधित विभागों को समन्वित रूप से सोशल मीडिया अभियान संचालित करने का निर्देश दिया गया। कार्यक्रमों से जुड़ी गतिविधियों की नियमित जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया, ताकि जिले के अधिक से अधिक नागरिक कार्यक्रमों में भागीदारी कर सकें।
परियोजना निदेशक, आईटीडीए अरुण कुमार एक्का ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, गौरवशाली इतिहास एवं जीवन मूल्यों को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य केवल सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित करना नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की पहचान, विरासत और सांस्कृतिक धरोहर को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक गतिविधि को समयबद्ध, व्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने का निर्देश दिया।

अरुण कुमार एक्का ने जिलेवासियों से अपील की कि विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें और जनजातीय संस्कृति, परंपराओं एवं विरासत के संरक्षण तथा संवर्धन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही यह आयोजन जिले के लिए यादगार और प्रेरणादायी बनेगा।
बैठक में अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह, जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी बसंती ग्लाडिस बाड़ा, जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी, एसएमपीओ सह एपीआरओ पवन कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।




