Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

उधवा में झारखंड मजदूर संघ की महत्वपूर्ण बैठक, पंचायत स्तर तक संगठन विस्तार की बनी रणनीति।

सितंबर से 26 पंचायतों में गठित होंगी पंचायत स्तरीय समितियां, अधिक से अधिक मजदूरों को संगठन से जोड़ने पर जोर।

उधवा साहिबगंज। उधवा प्रखंड क्षेत्र के मोहनपुर स्थित तरुण साहा के आवास परिसर में रविवार को झारखंड मजदूर संघ (प्रजातांत्रिक) की उधवा प्रखंड इकाई की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष मो. निजामुद्दीन ने की। बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, मजदूरों को संघ से जोड़ने तथा पंचायत स्तर तक संगठन का विस्तार करने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में झारखंड मजदूर संघ (प्रजातांत्रिक) के जिला अध्यक्ष मनोज सोरेन एवं जिला महामंत्री मो. इमाम विश्वास विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान जिला अध्यक्ष मनोज सोरेन ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि उधवा प्रखंड में कुल 26 पंचायतें हैं और संगठन को प्रत्येक पंचायत तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए सभी पंचायतों में पंचायत स्तरीय समितियों का गठन आवश्यक है। उन्होंने जानकारी दी कि आगामी सितंबर माह से सभी पंचायतों में समिति गठन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

जिला अध्यक्ष ने कहा कि पंचायत स्तर पर संगठन को सक्रिय एवं मजबूत बनाने के साथ-साथ अधिक से अधिक मजदूरों को संघ से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए कार्यकर्ताओं को पंचायत स्तर पर सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन के विस्तार और मजदूरों के हितों के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों, पंचायत स्तर पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों तथा मजदूरों के हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और मजदूरों की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए पूरी सक्रियता एवं निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

बैठक में मो. सईद अख्तर, मो. बहाउद्दीन, मो. अलीमुद्दीन, बासुदेव मंडल, तरुण साहा, शहादत शेख, सैमसुल शेख सहित बड़ी संख्या में संगठन के सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!