Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

राजमहल मॉडल कॉलेज को मिली विकास की नई सौगात, छात्राओं के लिए जल्द शुरू होगी निःशुल्क बस सेवा विधायक एमटी राजा।

बहुउद्देशीय परीक्षा भवन व नवनिर्मित स्टैंड का विधायक ने किया उद्घाटन, इंडक्शन कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का किया स्वागत।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सोमवार को महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। राजमहल मॉडल कॉलेज परिसर में उच्च शिक्षा एवं तकनीकी विभाग के माध्यम से नवनिर्मित बहुउद्देशीय परीक्षा भवन तथा विधायक निधि से निर्मित स्टैंड का उद्घाटन राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने किया। उद्घाटन के अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रणजीत सिंह ने विधायक को अंगवस्त्र प्रदान कर भव्य स्वागत किया।

उद्घाटन कार्यक्रम के बाद कॉलेज परिसर में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित इंडक्शन कार्यक्रम में विधायक एमटी राजा मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विधायक ने कहा कि राजमहल मॉडल कॉलेज क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है और कॉलेज की सुविधाओं के विस्तार से आसपास के ग्रामीण एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों के विद्यार्थियों को काफी लाभ मिल रहा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक एमटी राजा ने कहा कि राजमहल मॉडल कॉलेज क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। यहां दियारा क्षेत्र सहित दूर-दराज के इलाकों से बड़ी संख्या में छात्राएं नियमित रूप से पढ़ाई करने आती हैं। ऐसे में छात्राओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए विधायक निधि कोष से जल्द ही बस सेवा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बस सेवा शुरू होने के बाद दियारा क्षेत्र की छात्राएं निःशुल्क एवं सुरक्षित रूप से कॉलेज तक आ-जा सकेंगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छात्राओं को विशेष लाभ मिलेगा और उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने में आवागमन की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

विधायक ने कहा कि छात्राओं को शिक्षा के लिए दूर से कॉलेज आने-जाने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बस सेवा को जल्द से जल्द शुरू कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

विधायक एमटी राजा ने छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी गंभीरता जताई। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस संबंध में राजमहल एवं तीनपहाड़ थाना पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से मुख्य मार्गों तथा कॉलेज के आसपास नियमित रूप से पुलिस गश्ती करने को कहा है, ताकि कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। विधायक ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी सुविधा, सुरक्षा और सम्मानजनक आवागमन सुनिश्चित करना भी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान राजमहल मॉडल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रणजीत सिंह ने कॉलेज में विभिन्न विषयों की सीटों की क्षमता से जुड़ी समस्या को विधायक के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से कुछ विषयों में सीटों की क्षमता कम कर दी गई है। यदि इन विषयों में सीटों की संख्या बढ़ाई जाती है, तो क्षेत्र के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

प्राचार्य की मांग पर विधायक एमटी राजा ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि सीटों की क्षमता बढ़ाने के मुद्दे को लेकर संबंधित मंत्री से वार्ता की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों के हित में सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को राजमहल मॉडल कॉलेज में पढ़ाई का अवसर मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान राजमहल मॉडल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रणजीत सिंह को साहिबगंज कॉलेज, साहिबगंज का प्राचार्य बनाए जाने पर कॉलेज परिवार की ओर से विदाई समारोह भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर कॉलेज परिवार ने डॉ. रणजीत सिंह को सम्मानित करते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की और उन्हें भावभीनी विदाई दी।

साथ ही साहिबगंज कॉलेज के नवनियुक्त प्राचार्य का स्वागत भी किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने डॉ. रणजीत सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में विधायक एमटी राजा ने कहा कि राजमहल मॉडल कॉलेज में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र में उच्च शिक्षा को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है। इसके लिए कॉलेज प्रशासन, शिक्षक, विद्यार्थी और जनप्रतिनिधियों को मिलकर काम करना होगा।

उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों से नियमित रूप से कक्षाओं में शामिल होने, अनुशासन बनाए रखने और शिक्षा के प्रति गंभीर रहने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत और लगन के बल पर वे अपने परिवार, क्षेत्र और जिले का नाम रोशन कर सकते हैं।

कार्यक्रम में सिद्धो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के कुलानुशासक प्रो. राजीव कुमार, वित्त प्रभारी सुमन कुमार, जिला परिषद सदस्य रणधीर सिंह, विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, प्रोफेसर अनिल सरकार, अनिसुर रहमान, मुर्शिद राजा सहित कॉलेज के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मी, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!