उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने जिला योजना अनाबद्ध निधि योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
वर्ष 2023-24 की 48 में से 47 तथा वर्ष 2024-25 की 48 में से 43 योजनाएं पूर्ण, लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश।

साहिबगंज। उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में गुरुवार को जिला योजना अनाबद्ध निधि अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2023-24, 2024-25 एवं 2025-26 के अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों और कार्यकारी एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने वित्तीय वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 में संचालित योजनाओं की स्थिति की गहन समीक्षा की। मई 2026 तक की उपलब्धि के अनुसार वित्तीय वर्ष 2023-24 में स्वीकृत कुल 48 योजनाओं में से 47 योजनाएं भौतिक रूप से पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि केवल एक योजना लंबित है। वहीं वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतर्गत स्वीकृत 48 योजनाओं में से 43 योजनाओं का कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा शेष 5 योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।
उपायुक्त ने संबंधित कार्यकारी एजेंसियों को निर्देश दिया कि लंबित योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूर्ण किया जाए। साथ ही जिन योजनाओं का कार्य भौतिक रूप से पूर्ण हो चुका है, उनकी अधियाचना एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर समर्पित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिला योजना अनाबद्ध निधि से संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले में कुल 70 योजनाएं स्वीकृत एवं संचालित हैं। इनमें से 24 योजनाएं भौतिक रूप से पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि शेष 46 योजनाएं विभिन्न चरणों में हैं। इन योजनाओं में एकरारनामा निष्पादन, तकनीकी स्वीकृति एवं कार्यान्वयन की प्रक्रियाएं जारी हैं। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को इन प्रक्रियाओं में तेजी लाकर योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त श्री दूबे ने जिला योजना कार्यालय एवं संबंधित कार्यकारी एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी लंबित योजनाओं के निष्पादन में तेजी लाई जाए तथा वित्तीय प्रावधानों के अनुरूप कार्यों को गति प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भी योजनाओं पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने मूलभूत सुविधाओं एवं आधारभूत संरचनाओं के विकास से संबंधित नई योजनाओं का प्राक्कलन तैयार कर जिला योजना कार्यकारिणी समिति के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। साथ ही कार्यपालक अभियंताओं को शेष योजनाओं के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निष्पादन हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में जिला योजना पदाधिकारी अनुप कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गानंद झा, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता रामाकांत, एनआरईपी के कार्यालय अभियंता देवीलाल हांसदा सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।



