ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, साहिबगंज की पहली कार्यकारिणी बैठक संपन्न।
संगठन विस्तार, व्यापारिक हितों और 13 जून के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर लिए गए कई अहम निर्णय।

साहिबगंज। ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, साहिबगंज की नव निर्वाचित कार्यकारिणी समिति की पहली बैठक शुक्रवार को चैंबर अध्यक्ष राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का संचालन सचिव मोहित बेगराजका ने किया। बैठक में संगठन विस्तार, व्यापारियों के हितों की सुरक्षा तथा आगामी शपथ ग्रहण समारोह को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक की सबसे खास बात यह रही कि कार्यकारिणी समिति के सभी 15 सदस्य बैठक में उपस्थित रहे। बैठक में उपाध्यक्ष अंकित केजरीवाल एवं संजय भुवानिया, सहसचिव अजय डोकानियां और पिंटू शाह, कोषाध्यक्ष विवेक कुमार सहित कार्यकारिणी सदस्य शंकर साह, नवल किशोर मंडल, रवि शंकर पोद्दार, प्रकाश झुनझुनवाला, राहुल कुमार जायसवाल, अंकित कुमार तमाखुवाला, शुभम तिवारी एवं विकास कुमार कौशिक मौजूद रहे।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि चैंबर के विस्तार एवं व्यापारिक गतिविधियों को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से 11 नए सदस्यों को संगठन से जोड़ा गया है। पदाधिकारियों ने कहा कि नए सदस्यों के जुड़ने से संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा व्यापारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से प्रशासन तक पहुंचाया जा सकेगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नवगठित कार्यकारिणी समिति का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आगामी 13 जून 2026 को साहिबगंज में आयोजित किया जाएगा। समारोह में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, रांची के वरिष्ठ पदाधिकारी विशेष रूप से शामिल होंगे।कार्यक्रम को सफल एवं भव्य बनाने के लिए जल्द ही आयोजन समिति का गठन किया जाएगा तथा विभिन्न जिम्मेदारियां पदाधिकारियों को सौंपी जाएंगी।

चैंबर अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि नई कार्यकारिणी जिले के व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संगठन प्रशासन एवं विभिन्न संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर जिले के आर्थिक विकास तथा व्यापारिक माहौल को बेहतर बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान, व्यवसायिक सुविधाओं का विस्तार तथा जिले में बेहतर व्यापारिक वातावरण तैयार करना चैंबर की प्राथमिकता होगी।




